मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि पंजाब के वित्त आयोग की डिटेल आने और वहां इसे लागू करने के बाद हिमाचल प्रदेश सरकार भी पे कमीशन पर अपना फैसला लेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान कोविड काल में प्रदेश के चिकित्सक हड़ताल न करें तो सरकार को खुशी होगी।
मुख्यमंत्री अपने गृह विधानसभा क्षेत्र थुनाग में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने पत्रकार वार्ता के जरिये डॉक्टरों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है और उनके हितों से कतई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि चिकित्सक अपनी पेन डाउन हड़ताल वापस लेंगे। सीएम ने कहा कि कोविड के चलते उन्होंने अपने गृह क्षेत्र के दौरे को लेकर जनसभाएं स्थगित की हैं।
समाज की पीड़ा कम करने में चिकित्सकों का अहम योगदान : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर मंडी जिले के थुनाग से वर्चुअल माध्यम से चिकित्सकों को संबोधित करते हुए समाज की पीड़ाओं को कम करने में उनकी भूमिका की प्रशंसा की। कहा कि चिकित्सक केवल बहुमूल्य जीवन ही नहीं बचाते हैं, बल्कि मरीजों का उपचार कर उनके दर्द और पीड़ा को भी कम करते हैं।
कोरोना महामारी के दौरान चिकित्सकों ने सैकड़ों जीवन बचाने के लिए अपने जीवन को जोखिम में डालकर रात-दिन काम किया। सीएम ने कहा कि आयुर्विज्ञान कॉलेज नाहन, हमीरपुर और चंबा में भवन निर्माण कार्य चल रहा है।