उन्होंने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के सराज दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि अध्यक्ष उन्हें बड़ा ओहदा देने की बात कह गए थे। लेकिन, वह उनके इशारे को समझ नहीं पाए। सराज की जनता ने पांचवी दफा जिताकर भेजा और पार्टी हाईकमान ने उन्हें प्रदेश की कमान सौंपी।
उन्होंने कहा कि कई दफा मंडी के हाथों से मौका छिटका। कभी कांगड़ा तो कभी हमीरपुर तो कभी शिमला को सीएम की कुर्सी चली गई। लेकिन, इस बार मंडी को देर से ही सही हक मिल गया।
सीएम जयराम ठाकुर ने गृह पंचायत मुराहाग के कटयांदी गांव में स्वागत के लिए खड़े बड़े भाई अनंत राम के पांव छूकर आर्शीवाद लिया। सीएम की पत्नी डा. साधना ने पहले पांव छूए इसके बाद सीएम बड़े भाई के चरणों में झुक गए।
इसके बाद उन्होंने बड़े भाई के हाथों से हार पहना। दोनों मिलन के दौरान भावुक हो उठे। हार पहनने के बाद सीएम ने बड़े भाई को गले लगा लिया।
सीएम बनने के बाद पहली दफा गृह हल्के के दौरे के दौरान सीएम जयराम ठाकुर ने सराजवासियों के तोहफो की झड़ी लगा दी। पंडोह से शुरू रोड़ शो के बाद सीएम जयराम ठाकुर देरी से देरशाम जंजैहली पहुंचे।
यहां पर साढ़े सात बजे के करीब जनसभा में सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि 20 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट से जंजैहली को ऐसे टुरिज्म सेंटर के रूप में ऐसे सजाएंगे की लोग कश्मीर और मनाली को भूल जाएंगे।
इसके साथ ही जंजैहली घाटी में 50 लाख रुपए के ईको टुरिज्म प्रोजेक्ट भी जल्द धरातल पर उतरेगा। इसके लिए अधिकारियों की टीम को चुपके से दौरे से पहले सराज भेज दिया था। अब अधिकारियों से बात कर जंजैहली में पर्यटन को विकसित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।
सराज दौरे के दौरान उन्होंने बगस्याड़ सीएचसी को सिविल अस्पताल में स्तोरन्नत करने और थुनाग में आईपीएच डिवीजन की घोषणा भी की। उन्होंने उन्होंने कहा कि वह बगस्याड़ में शिक्षा ग्रहण करने के लिए तांदी से नौ किमी पैदल चल कर आते थे।
अब समय आ गया है कि क्षेत्र के लिए काम करूं और लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरू। उन्होंने कहा कि पूर्व में कई बार मंडी जिला से मुख्यमंत्री बनते-बनते रह गया परंतु लंबे इंतजार के बाद यह सपना पूरा हुआ है।
उन्होंने कहा कि अब वह हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री है परंतु सराज के लोगों के लिए पहले की तरह ही जय राम हैं। उन्होंने कहा कि सराज के लोग हमेशा उनके दिलों में बसे रहेंगे। उन्होंने कहा कि जब विधायक था तो मेरा परिवार छोटा था। अब परिवार बड़ा हो गया है। मेरे साथ मेरे सराजवासियों को बड़ी जिम्मेवारी मिली है।