सरकार के नेतृत्व में बदलाव की बात पर सीएम जयराम ने कहा कि यह अफवाह वह मुख्यमंत्री बनने के शुरुआती दिनों से सुनते आ रहे हैं, लेकिन भाजपा में चालाकी नहीं बल्कि मेहनत ही काम आती है।
हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुए उपचुनाव में मिली हार भाजपा के लिए समय पर दी गई चेतावनी है। इसे किसी भी तरह से प्रदेश सरकार का अंतिम आकलन नहीं समझा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह बात एक समाचार एजेंसी से हुई बातचीत में कही है। उन्होंने कहा कि पार्टी की इन उपचुनाव में हार के पीछे कई कारण रहे हैं जिनकी समीक्षा की जरूरत है। लेकिन अति आत्मविश्वास प्रमुख कारण रहा है जिसकी वजह से पार्टी को इन उपचुनाव में कीमत चुकानी पड़ी है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि इन परिणामों को समय पर मिली चेतावनी मानते हुए भविष्य के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए सबक के तौर पर देखा जाना चाहिए। सरकार के नेतृत्व में बदलाव की बात पर उन्होंने कहा कि यह अफवाह वह मुख्यमंत्री बनने के शुरुआती दिनों से सुनते आ रहे हैं, लेकिन भाजपा में चालाकी नहीं बल्कि मेहनत ही काम आती है। मंडी लोकसभा सीट पर भाजपा की हार पर कहा कि हार का मार्जिन बहुत कम रहा है। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को मैदान में उतारा था, जिन्हें सहानुभूति का लाभ मिला। इसी सहानुभूति का लाभ कांग्रेस को अन्य तीन विधानसभा सीटों पर भी हुआ।
जुब्बल-कोटखाई में भाजपा प्रत्याशी की जमानत जब्त होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि स्थानीय नेतृत्व चाहता था कि दिवंगत विधायक नरेंद्र बरागटा के बेटे चेतन को सीट से टिकट दिया जाए। पार्टी की स्थानीय इकाई ने उनके लिए कैंपेन भी शुरू कर दिया लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने एक आदर्श निर्णय लेते हुए किसी भी क्षेत्र में किसी नेता के परिवार के सदस्य को टिकट न देने का निर्णय लिया।
विज्ञापन
इसी का परिणाम रहा कि ऐन मौके पर पार्टी के दूसरे कार्यकर्ता को टिकट दिया गया और दिवंगत विधायक के बेटे ने निर्दलीय चुनाव लड़ा जिसका सीधा असर पार्टी के प्रदर्शन पर पड़ा। 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा की पार्टी का एक मजबूत कैडर है और वो खुद प्रदेश भर में घूम कर इस कैडर में नई जान फूंकने का प्रयास करेंगे और उस के बल पर आने वाले चुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर अच्छे परिणाम लाएंगे।