मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर विशेष बल दे रही है, क्योंकि यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ लगते हैं। इनमें सड़क, संचार, ऊर्जा और जलापूर्ति के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सरकार इन क्षेत्रों के विकास को पर्याप्त निधि उपलब्ध करवा रही है। किन्नौर जिले की जनता के लिए 62.17 करोड़ लागत की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाएं समर्पित की गई हैं। देश के लोगों के लिए भी बुधवार का दिन स्वर्णिम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान श्रीराम के मंदिर का भूमि पूजन किया है। इससे भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को शिमला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किन्नौर जिले में 62.17 करोड़ लागत की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। कहा कि सरकार ने एक ही दिन में क्षेत्र के लिए 30 करोड़ की परियोजनाएं समर्पित की हैं। लोगों को सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए सीमा सड़कों पर 84 करोड़ खर्चे जा रहे हैं। क्षेत्र की 65 पंचायतों में से 60 पंचायतों को सड़क से जोड़ा जा चुका है। शेष पंचायतों को भी शीघ्र सड़क से जोड़ा जाएगा।
मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने सरकार के कोरोना महामारी से निपटने को उठाए कदमों की भी सराहना की। राज्य वन निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने मुख्यमंत्री और गण्यमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर, विधायक अर्जुन सिंह व जीतराम कटवाल, अध्यक्ष विपणन बोर्ड बलदेव भंडारी, अध्यक्ष एपीएमसी शिमला-किन्नौर नरेश शर्मा, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. आरएन बत्ता, उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद उपस्थित रहे।
अपने गृहक्षेत्र सराज विधानसभा क्षेत्र के लिए 26.50 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से उद्घाटन एवं शिलान्यास करते समय सीएम जयराम ने कहा कि 5 अगस्त का दिन देश के इतिहास में याद रखा जाएगा। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर का भूमि पूजन किया है।
देशवासी सौभाग्यशाली हैं, क्योंकि वे इस ऐतिहासिक क्षण के गवाह बने। उन्होंने प्रदेश वासियों का आभार जताया, जिन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन के ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए अपने घरों में दीप जलाए। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री का बुधवार को सराज क्षेत्र का दौरा करने का कार्यक्रम था, लेकिन खराब मौसम के कारण वह क्षेत्र का दौरा नहीं कर पाए।