राज्य सचिवालय में पांच कर्मचारी-अधिकारी संघों के संयुक्त स्वागत कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हर किसी की इच्छा सरकारी नौकरी पाने की रहती है। यह अच्छी बात है लेकिन नौकरी इसलिए हासिल करनी है कि काम नहीं करना पड़ेगा तो यह सोच बदलना बेहद जरूरी है। आज का युवा काबिलियत से ज्यादा सरकारी नौकरी को प्राथमिकता दे रहा है।
पढ़ाई ज्यादा होने के बावजूद झाड़ू उठानी मंजूर है। ऐसा इसलिए क्योंकि उसका मानना है कि सरकारी नौकरी में वेतन हर महीने मिल जाता है और काम नहीं होता। इस सोच को बदलना होगा। सीएम ने कहा कि वह सभी को साथ लेकर काम करने वाले हैं। दिन-रात काम करेंगे और राज्य को आगे ले जाएंगे।
सरकार और कर्मचारियों के बीच इस बात की प्रतिस्पर्धा रहेगी कि कौन ज्यादा काम करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब पांच बजे के बाद रुकना पड़ेगा तो कर्मचारी काम को परिवार का हिस्सा मानकर पीछे नहीं हटेंगे। कहा कि वह पांच बार विधायक सिर्फ इसलिए बने क्योंकि कभी किसी से मिलने या बात सुनने से गुरेज नहीं किया।
कई बार सबसे सरल व्यक्ति भी बहुत बड़ा सुझाव दे देता है। काम हो ही जाए यह जरूरी नहीं, लेकिन जरूरी यह है कि उस काम के लिए ईमानदारी से कोशिश की जाए। सीएम ने कहा कि यह जन-जन की सरकार है और हर हाल में लोगों की बात को सुनकर उससे मिलने वाले सार्थक सुझावों को अपनाने का प्रयास करेगी।