बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप व अन्य।
- फोटो : संवाद
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा ने शनिवार को हैदराबाद में शुरू हुई दो दिवसीय भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाग लिया। प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना और सह प्रभारी संजय टंडन भी इसमें शामिल हुए। हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में हुई बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, 19 राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता विशेष रूप से उपस्थित हैं। कश्यप ने कहा कि हाल ही में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में हुए विधानसभा चुनाव, कुछ निकाय चुनाव, रामपुर, आजमगढ़ के लोकसभा उपचुनाव और त्रिपुरा के विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को जीत मिली है।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक उनके लिए सीखने की प्रक्रिया है। यह विधानसभा चुनाव में उनकी जीत का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है, आज पूरी दुनिया की आर्थिक विकास दर औसतन 6 प्रतिशत है। भारत की अर्थव्यवस्था 8.7 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ रही है। यह भी उनकी सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है। बूथ को मजबूत करना बहुत जरूरी है। बूथ अध्यक्ष और बूथ कार्यकर्ताओं से संपर्क उनके लिए बहुत जरूरी है, क्योंकि वे कार्यकर्ता हैं जो क्षेत्र में उनकी बात घर-घर पहुंचा सकते हैं और अपनी बात सबके सामने रख सकते हैं।
पहले दिन हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव पर चर्चा नहीं
बैठक में पहले दिन हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव पर चर्चा नहीं हुई। पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों, लक्ष्यों आदि पर ही मंत्रणा होती रही।