मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने खराब मौसम के बावजूद राज्य में 15-18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के टीकाकरण में प्रतिबद्धता और समर्पण के लिए डॉक्टरों, पैरा मेडिकल स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कोविड-19 महामारी के विरुद्ध टीका लगवाने में किशोरों की ओर से दिखाए गए उत्साह की भी सराहना की है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्पण के कारण ही हिमाचल प्रदेश पात्र आबादी के शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल प्रदेश अब किशोरों के टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने में भी अग्रणी राज्य बनेगा।
सीएम ने सभी डीसी को दिए बिजली, पानी की आपूर्ति प्रभावित न होने देने के निर्देश
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सभी उपायुक्तों को निर्देश जारी किए हैं कि वे बर्फबारी और भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित न हो, इसके लिए समुचित प्रबंध करें। उन्होंने कहा है कि बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित न हो। सड़कों की आवाजाही को समुचित बनाने के भी प्रबंध किए जाएं। उन्होंने पर्यटकों से आग्रह किया है कि वे ऐसे स्थानों पर न जाएं जहां ज़्यादा बर्फ गिर रही हो। वे हिमाचल आएं, यहां स्वागत है। पर अपना ध्यान रखें।
दूसरे दिन 74, 584 किशोरों को लगी कोवैक्सीन
हिमाचल प्रदेश में 15 से 18 साल तक के 74,584 किशोरों को मंगलवार को वैक्सीन लगाई गई है। खराब मौसम की वजह से मंगलवार को वैक्सीनेशन के अभियान पर हल्का असर जरूर पड़ा। इससे पहले वैक्सीनेशन के पहले दिन स्वास्थ्य विभाग के 80,000 के निर्धारित लक्ष्य के सामने 90,531 किशोरों का टीकाकरण किया गया। बता दें, वैक्सीन लगाने के लिए प्रदेश भर में 687 सेंटर बनाए गए हैं। हर सेंटर में दो स्वास्थ्य कार्यकर्ता और स्कूल के तीन अध्यापक तैनात किए गए हैं। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने कहा कि लक्ष्य पूरा करने के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग की टीमें फील्ड में तैनात की गई हैं।