हिमाचल प्रदेश सरकार नई दिल्ली में चार से नौ दिसंबर तक होटल ललित में स्वर्णिम हिमाचल कला महोत्सव का आयोजन करेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चार दिसंबर को शाम साढ़े छह बजे इसका शुभारंभ करेंगे। यह आयोजन हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में साल भर चलने वाले स्वर्णिम हिमाचल समारोह का एक हिस्सा है। होटल ललित के सहयोग से हिमाचल प्रदेश के भाषा, कला और संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित किया जा रहा है।
इसमें चंबा रुमाल, हिमाचली हस्तशिल्प, काष्ठ शिल्प, धातु शिल्प, कांगड़ा चित्रकला, किन्नौरी और कुल्लू शॉल आदि के प्रदर्शन के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। उत्सव में हिमाचल के लोक नृत्य और लोक संगीत का प्रदर्शन भी किया जाएगा। उत्सव में सेपू बड़ी, राजमा का मदरा, चंबयाली पलदा सहित हिमाचली व्यंजन भी उपलब्ध होंगे। सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि यह आयोजन विशेष ओलंपिक की अध्यक्ष डॉ. मल्लिका नड्डा और ललित ग्रुप ऑफ हॉस्पिटैलिटी की अध्यक्षा डॉ. ज्योत्सना सूरी की एक पहल है।