मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से ऊना के पंडोगा में 1.05 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मेकशिफ्ट कोविड-19 अस्पताल का लोकार्पण किया। सीएम ने कहा कि 140 बिस्तरों की क्षमता का यह अस्पताल कोरोना रोगियों को घरों के निकट बेहतर उपचार देने में सहायक होगा। इसका निर्माण एक महीने के रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है। यह अस्पताल कोविड मरीजों को निर्बाध रूप से ऑक्सीजन की आपूर्ति करेगा।
कहा कि सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया है। ऑक्सीजन की भंडारण क्षमता में 26 मीट्रिक टन से अधिक की वृद्धि की है। 8 पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र कार्यशील किए गए हैं। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 12 नए पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। तीन मेडिकल कॉलेजों नेरचौक, चंबा और टीएमसी कॉलेज में ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं।
कहा कि नैस्ले इंडिया लिमिटेड नागरिक अस्पताल पलकवाहा में 500 एलपीएम क्षमता का एक अन्य पीएसए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कर रही है। पहले प्रदेश का एकमात्र ऑक्सीजन संयंत्र आईजीएमसी शिमला में ही था। उन्होंने घुमारवीं और हमीरपुर में 140 पीएसए क्षमता वाले दो पीएसए संयंत्र उपलब्ध करवाने के लिए केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का धन्यवाद किया।