निचले इलाकों में गर्मी बढ़ने के साथ सैलानियों का हिमाचल प्रदेश की ओर रुख करने का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रदेश में पर्यटकों की बढ़ती भीड़ नियंत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सभी जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को आदेश जारी कर दिए हैं। पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटकों को लेकर जारी कोविड प्रोटोकाल का शत-प्रतिशत पालन कराने के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं। यह भी कहा गया है कि जहां भीड़ ज्यादा इकट्ठा होती है, वहां व्यवस्था की जाए।
होटल, रेस्तरां और होम स्टे में संबंधित विभाग की ओर से जारी एसओपी की अनुपालना सुनिश्चित कराने को कहा गया है। कहा कि प्रदेश में अब कोरोना के मामलों और रिकवर होने वालों की संख्या लगभग बराबर है। फिर भी सतर्कता से ही सुरक्षित रहा जा सकता है। कोविड के नए डेल्टा प्लस वैरियंट को लेकर कहा कि सिर्फ एक मामला सामने आया है, जो मई महीने का था। फिलहाल कुछ और भी सैंपल भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आनी है। सरकार ने तीसरी लहर को लेकर सभी जरूरी कदम उठा लिए हैं। सरकार इससे पूरी तरह से निपटने के लिए तैयार है।
महंगाई पर नजर, जरूरत पर उठाएंगे कदम
प्रदेश में लगातार बढ़ रहे रसाई गैस, पेट्रोल-डीजल के दाम पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के सार्थक प्रयासों की वजह से महंगाई नियंत्रण में है। बढ़ते दामों पर सरकार नजर बनाए है। जरूरत के अनुसार फैसले लिए जाएंगे। फिलहाल, सरकार इसपर कोई कदम नही उठा रही है।
ऑनलाइन परीक्षा पर कांग्रेस को घेरा
युवा कांग्रेस की ओर से प्रदेश भर में ऑनलाइन परीक्षाएं कराने के लिए किए जा रहे आंदोलन पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को ही निशाने पर लिया। कहा कि आंदोलन करना न करना कांग्रेस का अपना विचार है। सच यह है कि कोरोना संकट काल में कांग्रेस कहीं नहीं दिखी। रस्मी तौर पर कुछ जगह दिखे, लेकिन दो करोड़ की सामग्री की ढूंढे नहीं मिल रही, जिसे कांग्रेस ने दो छोटी गाड़ियों में मंगाकर बांटने का दावा किया। प्रदेश ही नहीं देश में भी कोई अब कांग्रेस पर विश्वास नहीं करता। इसलिए उनके कहने करने से कोई दिक्कत नहीं है। सरकार समर्पित भाव से प्रदेश हित में काम कर रही है और आगे भी करेगी।