द ग्रेट खली की ओर से नंगल में करवाई गई रेसलिंग का दर्शकों ने लुत्फ तो उठाया लेकिन शो देखने के शौकीन लोगों को पैसे खर्च करने के बावजूद सीटें नहीं मिल सकीं। 500-500 रुपये की टिकट खरीद कर मैदान में पहुंचे लोगों को दूर खड़े हो कर ही रेसलिंग देखनी पड़ी।
जबकि सीट के लिए जद्दोजहद करने वाले दर्शकों को पुलिस की लाठियां भी खानी पड़ीं। बीबीएमबी के मुख्य अभियंता के लिए उपमुख्य अभियंता को अपनी सीट तक छोड़नी पड़ी।
वहीं राखी सावंत और सपना चौधरी को देखने आए लोगों को उस वक्त निराशा हुई जब कार्यक्रम में दोनों नहीं आईं। गायक कमाल खान कथित तौर पर म्यूजिक पर ही गाने का ड्रामा करते रहे। प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष राणा केपी सिंह भी बतौर मुख्य अतिथि आए थे।