राज्य बिजली बोर्ड के प्रबंध निदेशक पंकज डडवाल सहित तीन अफसरों को जीओ स्विच खरीद मामले में क्लीन चिट मिल गई है। स्विच की आपूर्ति करने वाली निजी कंपनी ने उत्तर प्रदेश में बोर्ड अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। अब मामले की क्लोजर रिपोर्ट में धोखाधड़ी का कोई भी मामला नहीं पाया गया है। बोर्ड प्रबंधन की ओर से वीरवार को इस बाबत प्रेस नोट जारी किया गया है।
बोर्ड के प्रवक्ता ने बताया कि मैसर्ज सुरी इलेक्ट्रिकल व केरामिक्स कंपनी खुरजा, उत्तर प्रदेश को दिए गए जीओ स्विच के क्रय आदेश सेे संबंधित एफआईआर मामले में जांच अधिकारी ने क्लोजर रिपोर्ट जमा करवा दी है। मामले में बोर्ड से संबंधित कोई भी चिह्नित अधिकारी नहीं पाया गया है। बोर्ड ने मैसर्ज सुरी इलेक्ट्रिकल व केरामिक्स कंपनी खुरजा उत्तर प्रदेश को 21 अक्तूबर 2020 में 3592 जीओ स्विच की आपूर्ति के लिए एक क्रय आदेश जारी किया था।
इस क्रय आदेश के तहत जो सामग्री बोर्ड को दी गई, वह खराब गुणवत्ता की पाई गई थी। इसको लेकर हिमाचल प्रदेश के उच्च न्यायालय में मध्यस्थता का मामला लंबित है। इस मामले में कंपनी ने 14 मई 2022 को पुलिस स्टेशन खुरजा में बोर्ड के तत्कालीन निदेशक परिचालन, मुख्य अभियंता एमएम और अधीक्षण अभियंता अनुबंध के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था।
ये तीनों अधिकारी अब पदोन्नत हो गए हैं। वर्तमान में एक अधिकारी बोर्ड के प्रबंध निदेशक हैं जबकि अन्य दो अधिकारी निदेशक परिचालन और उपमहाप्रबंधक के पद पर कार्य कर रहे हैं। इन अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाकर विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी। एफआईआर के मामले में अपराध शाखा बुलंदशहर के जांच अधिकारी ने जांच की है। जांच में बोर्ड के अधिकारियों पर एफआईआर में दर्शाया गया कि धोखाधड़ी का किसी तरह का मामला नहीं पाया गया है।