प्रदेश सरकार बाहरी राज्यों को जाने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों की समयसारिणी बदलने की तैयारी कर रही है। दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब में नाइट कर्फ्यू लग गया है, इसके चलते बसों की आवाजाही के समय में बदलाव का निर्णय लिया जाना है। सरकार ने निगम अधिकारियों से इस बारे में प्लान तैयार करने को कहा है। इन राज्यों में रात्रि 10 बजे से कर्फ्यू लगेगा। परिवहन निगम को इससे पहले ही इन राज्यों के बस अड्डों तक अपनी बसें पहुंचानी होंगी।
कैबिनेट बैठक में इस मामले पर चर्चा हो सकती है। अधिकारियों का मानना है कि एसओपी के तहत बाहरी राज्यों के रूटों पर बसें भेजी जानी हैं। हिमाचल से दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ के लिए ढाई सौ से अधिक रूटों पर बसें चलती हैं। दिल्ली में निगम की दर्जनों बसें रात को पहुंचती हैं, जबकि कई रात को दिल्ली से शिमला, धर्मशाला, कुल्लू-मनाली पहुंचती हैं। कर्फ्यू लगने से रूट प्रभावित हो रहे हैं। बुधवार को बाहरी राज्यों के लिए भेजी गई बसों में लोगों की आवाजाही कम रही।