शिमला। राजधानी में एसआईयू टीम ने रविवार को चंडीगढ़ के एक दंपती को हेरोइन (चिट्टा) के साथ पकड़ा है। इनकी पहचान अक्षय (30) और रेखा (30) मनीमाजरा, चंडीगढ़ निवासी के तौर पर हुई है। इनके कब्जे से 55.75 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक आरोपी नशीला पदार्थ बेचने शिमला आया था। सोमवार को दोनों आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। डीएसपी हेडक्वार्टर कमल किशोर वर्मा की नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक एसआईयू प्रभारी अंबी लाला राणा की अगुवाई में टीम तारादेवी, आईएसबीटी, संकटमोचन क्षेत्र में गश्त पर थी। गुप्त सूचना मिली कि सोलन की तरफ से आ रहे हरियाणा नंबर के एक वाहन में संदिग्ध बैठे हैं। इसी बीच शोघी के पास वाहन को तलाशी के लिए रोका गया। इसमें चालक और महिला सवार थी। तलाशी के दौरान वाहन से नशीला पदार्थ बरामद हुआ, जो जांचने पर चिट्टा निकला। प्रारंभिक पूछताछ के मुताबिक आरोपी चिट्टा बेचने शिमला आया था।
आरोपी ने बताया कि आठ साल पहले वह शिमला में बूट पॉलिश का काम करता था। इसके बाद वह मनीमाजरा चला गया। फिलहाल, पुलिस इसके संपर्क में आए अन्य संदिग्धों को जांच में शामिल करने जा रही है। डीएसपी हेडक्वार्टर कमल किशोर वर्मा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है।