15 मई तक काम पूरा करने के निर्देश
डीसी और एमएस ने किया अस्पताल का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल चमयाणा में जून माह से स्वास्थ्य सेवाएं शुरू हो जाएंगी। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल प्रबंधन ने अधिकारियों को 15 मई तक काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) कोठीपुरा बिलासपुर में भी जून से ओपीडी शुरू होने जा रही है। इसका शुभारंभ पीएम मोदी करेंगे, ऐसे में जिला शिमला प्रशासन और चमयाणा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल प्रबंधन चाहता है कि इसी दिन यहां भी ओपीडी शुरू कर दी जाए। डीसी आदित्य नेगी और अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी में एमएस का पदभार संभाल रहे डॉ. ललित चंद्रकांत ने मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का संयुक्त निरीक्षण किया।
भवन का काम लगभग पूरा हो चुका है। उच्चाधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देश जारी किए हैं कि पंद्रह मई तक शेष बचे कार्य को पूरा कर लिया जाए। आईजीएमसी से कुछ विभाग चमयाणा शिफ्ट होंगे। इनमें सीटीवीएस, प्लास्टिक सर्जरी, कार्डियोलॉजी, यूरोलाजी, न्यूरो सर्जरी, नेफ्रोलॉजी और पीडियाट्रिक्स सर्जरी शामिल हैं। जांच के समय इस्तेमाल होने वाली मशीनरी, बिस्तर और अन्य फर्नीचर अस्पताल पहुंच चुके हैं।
आईजीएमसी में कम हो जाएगी भीड़
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में मौजूदा समय में दस सुपर स्पेशियलिटी विभाग चल रहे हैं। ऐसे में जगह की कमी के कारण मरीजों की लंबी भीड़ यहां लगी रहती है। इससे एक से दूसरी जगह मरीजों का आना जाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में जब यह विभाग शिफ्ट होंगे तो आईजीएमसी में लगने वाली भीड़ भी कम हो जाएगी।