हटनाला वार्ड पार्षद विजय कुमार विधायक की अगुवाई में कांग्रेस में शामिल।
- फोटो : संवाद
चंबा नगर परिषद में 15 साल बाद कांग्रेस का अध्यक्ष बनना अब करीब-करीब तय है। देर रात हटनाला वार्ड से पार्षद विजय कुमार ने विधायक नीरज नैयर की अगुवाई में कांग्रेस को समर्थन दे दिया। सदर विधायक नीरज नैय्यर ने पार्षद विजय कुमार को टोपी और शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया। लिहाजा, हटनाला पार्षद के कांग्रेस को समर्थन देने के साथ ही अब कांग्रेस खेमे में छह पार्षद हो गए हैं। वहीं, भाजपा को महज पांच पार्षदों से ही संतोष करना पड़ा है। ऐसे में नप अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा करने के भाजपा के अरमानों पर पानी फिर गया। 17 मई को नगर परिषद के चुनाव में 5-5 पार्षद कांग्रेस और भाजपा खेमे से विजयी रहे थे लेकिन, हटनाला वार्ड के आजाद प्रत्याशी पर ही कांग्रेस-भाजपा का नप चंबा का अध्यक्ष बनाने का दारोमदार रहा।
कांग्रेस विधायक ने दूरदर्शी और मझी हुई राजनीति का उदाहरण पेश करते हुए नप चंबा के समीकरण बदलने का काम किया। आजाद प्रत्याशी के कांग्रेस के खेमे में शामिल होने से नप अध्यक्ष को लेकर बन रहे समीकरण बदल गए। अब कांग्रेस का नप चंबा में कुनबा बढ़ने से आगामी समय में तन्वी गोस्वामी या भुवनेश्वरी में से कोई एक नई अध्यक्ष बनना करीब-करीब तय है। नगर परिषद चंबा में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की कुर्सी पर कांग्रेस और भाजपा अपना-अपना प्रत्याशी बिठाने को लेकर रणनीति के तहत काम कर रहे हैं। हालांकि, दोनों ही दलों की ओर से सोशल मीडिया पर नप कमेटी बनाने को लेकर दावे पेश किए जा चुके हैं। ऐसे में आने वाला वक्त ही बताएगा कि आखिरकार अंतिम क्षण तक परिणाम कांग्रेस के पक्ष में रहते हैं या भाजपा अंदरखाते अपनी गोटियां फिट करने में कामयाब रहती है।