एबीवीपी के प्रांत सहमंत्री अभिषेक कुमार ने कहा कि पिछले लंबे समय से केंद्रीय विश्वविद्यालय के धौलाधार परिसर एक में ईवीएम मशीनें रखी गई हैं। काफी समय से इन मशीनों को हटाने की मांग कर रहे हैं। कई ज्ञापन देने के बावजूद आज तक ये मशीनें कैंपस से नहीं उठाई गई हैं।
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय अगर 10 जून तक एबीवीपी की मांगों को पूरा नहीं करता है, तो संगठन दीक्षांत समारोह में आने वाले राष्ट्रपति के समक्ष प्रदर्शन करेंगे। यह चेतावनी सोमवार को कुलपति कार्यालय परिसर में एबीवीपी ने धरना-प्रदर्शन करते हुए दी। इस दौरान विद्यार्थी परिषद ने सीयू प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विज्ञापन
एबीवीपी के प्रांत सहमंत्री अभिषेक कुमार और केंद्रीय विवि इकाई के अध्यक्ष मनी शर्मा ने कहा कि पिछले लंबे समय से केंद्रीय विश्वविद्यालय के धौलाधार परिसर एक में ईवीएम मशीनें रखी गई हैं। इसके कारण विश्वविद्यालय परिसर का काफी हिस्सा घिरा हुआ है। उन्होंने कहा कि काफी समय से परिषद इन मशीनों को हटाने की मांग कर रहा है।
विवि प्रशासन और जिला प्रशासन को कई बार चेताया कि जल्द से जल्द इन मशीनों को विश्वविद्यालय कैंपस से निकाला जाए। कई ज्ञापन देने के बावजूद आज तक ये मशीनें कैंपस से नहीं उठाई गई हैं। इसके अतिरिक्त अभी तक विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इतनी गर्मी में भी कक्षाओं में पंखे तक नहीं चलते। सोमवार को कार्यकर्ता और अन्य छात्र डीएसडब्ल्यू ऑफिस पहुंचे।
विज्ञापन
जहां उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को यह चेतावनी दी है कि यदि कैंपस से ईवीएम मशीनों को नहीं हटाया जाता है और विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं प्राप्त नहीं होती हैं तो आंदोलन तेज होगा। इस दौरान इकाई सचिव उर्मी, हितेश, अनिकेत, पूजा, अनिका, विशाखा, आकृति, अभिषेक, निखिल, यश मौजूद रहे।