राजधानी शिमला, सोलन समेत कई जिलों में पीलिया फैलने के बाद प्रदेश सरकार ने अब सूबे के सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश जारी किए हैं। आईपीएच विभाग ने सभी जिलों में तुरंत व्यवस्था बनाने के निर्देश जारी किए हैं।
इन कैमरों से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों में हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। विभाग के अधिकारी हर पंद्रह दिन में फुटेज की जांच करेंगे ताकि गड़बड़ी को समय रहते पकड़ा जा सके। उधर, आदेश मिलते ही आईपीएच मंडी जोन के प्रमुख अभियंता ने सभी प्लांटों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
बता दें कि शिमला में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के गंदे पानी के अश्वनी खड्ड में मिलने से ही राजधानी और सोलन में पीलिया फैलना बताया जा रहा है। हिमाचल में मौजूदा समय में लगभग 66 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट हैं।