पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में सीबीआई मंडी पुलिस से भी रिकॉर्ड कब्जे में लेगी। अदालत में दायर चार्जशीट में पुलिस ने मंडी के आठ एजेंट और 19 अभ्यर्थियों समेत 27 को आरोपी बनाया है। मंडी पुलिस अपने स्तर पर भी मामले की जांच कर रही है। अब मामला सीबीआई में दर्ज हो गया है, ऐसे में मामले से जुड़ी कड़ियों को जांच के लिए नए सिरे से खंगाला जाएगा। पेपर लीक मामले की जड़ें मंडी से जुड़ी हैं। यह मामला सामने आने के बाद जिला मंडी में 70 से अधिक अंक लेने वाले करीब 50 परीक्षार्थियों से पूछताछ की गई। इस दौरान पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे।
इन सुरागों के पुष्ट होने के बाद ही पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और कई आरोपों जद में आए। संयुक्त प्री मेडिकल टेस्ट (सीपीएमटी) घोटाले के आरोपी मनोज ठाकुर का नाम भी सामने आया। इससे पूछताछ के बाद नेपाल बार्डर के समीप मोतीहारी से एजेंट चंद्रगुप्त और बिहार के पटना से अमन को गिरफ्तार किया है। नेपाल के चंद्रगुप्त ने मंडी पेपर पहुंचाए थे। इन्हें मंडी के मनोज ने अभ्यर्थियों को बांटा और उनसे पैसों की उगाही की। इसके बाद इन वसूले पैसों को पटना का अमन लेकर गया था। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि नियमानुसार कार्य किया जाएगा।