भारी बारिश के साथ पड़ने वाली धुंध के कारण हिमाचल प्रदेश के चंबा-पांगी मार्ग पर एक कार रानीकोट के पास अनियंत्रित हो गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दंपती की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। मृतक की पहचान (25) सोनू पुत्र रामदयाल पंचायत खडजौता, गांव मंदरोगा, डाकघर लाहरा और (26) अंजना पत्नी सोनू के रूप में हुई है। हादसे में (29) धर्मपाल पुत्र दयालू गांव मट्टी ग्राम पंचायत हिमगिरी घायल हुआ है। मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। तीसा प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत दी है।
फार्च्यूनर कार में सोनू अपनी पत्नी और एक अन्य युवक के साथ पांगी से अपने घर वाया सतरूंडी होकर लौट रहा था। सड़क पर धुंध के कारण वीरवार रात करीब 9:45 बजे रानीकोट के पास सोनू ने कार से नियंत्रण खो दिया। इससे कार गहरी खाई में जा गिरी।
भेड़-बकरियों के साथ डेरा लगाए बैठे भेड़पालकों ने घायलों की आवाज सुनी और मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। पांगी के लिए जा रहे वाहन के जरिये घायलों को सिविल अस्पताल तीसा लाया गया। उपचार के दौरान अंजना ने दम तोड़ दिया। प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों ने घायलों को मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर सोनू ने भी दम तोड़ दिया। धर्मपाल का उपचार चल रहा है। पुलिस उप अधीक्षक मयंक चौधरी नेे बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहसीलदार तीसा प्रकाश ठाकुर ने बताया कि मृतकों के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई गई है।
हादसे को न्योता दे रहा खराब डोजर
उधर, लक्कड़ मंडी-खज्जियार मार्ग पर खराब डोजर हादसे को न्योता दे रहा है। सैलानियों को यहां वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। पिछले चार माह से खजरोट नाले के पास यह डोजर खराब पड़ा हुआ है जिसकी अभी तक लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत करवाने की जहमत नहीं उठाई है। इस सड़क से वाहनों की काफी आवाजाही रहती है। स्थानीय लोगों अजय कुमार, हंसराज, केवल, टेक चंद और प्यार सिंह ने बताया कि सड़क के किनारे अगर कोई व्यक्ति निर्माण सामग्री रखता है तो लोक निर्माण विभाग उसे तंग करना शुरू कर देता है जबकि खुद का डोजर चार माह से सड़क किनारे खराब पड़ा हुआ है। उसे हटाने या दुरुस्त करने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अंकुर मकर ने बताया कि खराब डोजर के पुर्जे मंगवाए गए हैं। सात दिन के भीतर इसे मार्ग के किनारे से हटवा दिया जाएगा।