हिमाचल प्रदेश के जोगिंद्रनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत दारट बगला के निवासी और भारतीय सेना में जम्मू-कश्मीर में तैनात कैप्टन योगेंद्र ठाकुर को देश के राष्ट्रपति की ओर से शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें आतंकवाद के खिलाफ अभियान के दौरान दिखाए गए अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम के लिए प्रदान किया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जुलाई 2025 को भारतीय सेना को जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी और बड़े हमले की आशंका जताई गई थी। इसके बाद कैप्टन योगेंद्र ठाकुर को आतंकवादी संगठन के खिलाफ एक विशेष अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई। 26 जुलाई 2025 को उन्होंने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के एक दूरदराज और दुर्गम क्षेत्र में कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। इस कार्रवाई से देश की आंतरिक सुरक्षा पर मंडरा रहे बड़े खतरे को समय रहते टाल दिया गया।