पिछले दो साल में प्रदेश में कुत्तों के काटने से छह लोगों की मौत हुई है, जबकि 1,37,718 लोगों को कुत्तों ने काटा है। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में कुत्तों द्वारा काटे 1,36,560 लोगों को एंटी रैबिज के इंजेक्शन लगाए गए। सभी स्वास्थ्य संस्थानों में एंटी रैबिज टीका उपलब्ध हैं। जहां टीके खत्म थे, वहां सप्लाई भेजी जा रही है। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने पालमपुर के कांग्रेस विधायक आशीष बुटेल के प्रश्न के लिखित जवाब में दी है।
दवाई खरीदने पर कितने पैसे खर्च हुए, जानकारी नहीं
इस साल 15 नवंबर तक स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संस्थानों, विभागों, निगमों और सीएमओ के माध्यम से दवाई पर कितनी राशि खर्च की, नेता प्रतिपक्ष को इसकी जानकारी स्वास्थ्य मंत्री नहीं दे पाए। मुकेश अग्निहोत्री ने दवाई खरीदने पर खर्च का ब्योरा देने का प्रश्न पूछा था, जिस पर स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने लिखित में जवाब दिया कि सूचना एकत्रित की जा रही है।