सेना की वर्दी पहनने के इच्छुक युवाओं के लिए भर्ती का सुनहरा मौका है। ऊना के इंदिरा मैदान में सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर की ओर से हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिला के युवाओं की सिपाही सामान्य ड्यूटी, सिपाही क्लर्क, स्टोरकीपर के लिए 10 से 16 नवंबर तक भर्ती के लिए स्क्रीनिंग की जाएगी।
साथ ही हिमाचल, चंडीगढ़ के अलावा हरियाणा (जिला गुड़गांव, मेवात, पलवल और फरीदावाद को छोड़कर) धर्म गुरु जेसीओ के पदों के लिए भी भर्ती होगी। सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के भर्ती निदेशक कर्नल संजय चावला ने बताया कि सिपाही सामान्य डय्टी /
लिपिक/स्टोरकीपर के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए जिला हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के युवा वेबसाइट डब्लयूडब्लयूडब्लयू डॉट जेओआईएनइंडियनआर्मी डॉट एनआईसी डॉट इन पर पंजीकरण 26 अक्तूबर से पहले करवाएं।
ऑनलाइन पंजीकरण करवाना जरूरी
धर्म गुरु जेसीओ पद के लिए अभ्यर्थी डब्लयूडब्लयूडब्लयू डॉट जेओआईएनइंडियनआर्मी डॉट एनआईसी डॉट इन पर देखें और दर्शाई गई तिथि के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए पंजीकरण करवाएं।
भर्ती रैली मैदान में केवल वही उम्मीदवार प्रवेश कर सकते हैं, जिन्होंने ऑनलाइन पंजीकरण किया होगा और सेना भर्ती एडमिट कार्ड साथ होगा।
जानकारी के लिए भर्ती जोन मुख्यालय अंबाला कैंट के दूरभाष नंबर 0171-2600216 या सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के दूरभाष नंबर 01972-222214 पर संपर्क कर सकते हैं।
हिमाचल के सभी जिलों के उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग इस दिन
10 नवंबर को धर्म गुरु जेसीओ के पद के लिए हरियाणा (जिला गुड़गांव, मेवात, पलवल और फरीदाबाद को छोड़कर) और यूटी चंडीगढ़ के युवाओं की भर्ती स्क्रीनिंग की जाएगी। इसी पद के लिए 11 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के समस्त जिलों के उम्मीदवारों की भर्ती स्क्रीनिंग की जाएगी, 12 नवंबर को सिपाही सामान्य ड्यूटी और सिपाही क्लर्क/स्टोरकीपर के पद के लिए जिला हमीरपुर के
उम्मीदवारों, 14 को सिपाही सामान्य ड्यूटी और सिपाही क्लर्क/स्टोरकीपर के पद के लिए जिला बिलासपुर के युवाओं और 15 नवंबर को सिपाही सामान्य ड्यूटी और सिपाही क्लर्क/स्टोरकीपर के पद के लिए जिला ऊना के तहत आने वाली सभी तहसीलों के उम्मीदवारों की भर्ती स्क्रीनिंग की जाएगी।
दलालों से रहें सावधान
भर्ती रैली प्रक्रिया में समस्त परीक्षणों में उत्तीर्ण उम्मीदवारों की सामान्य प्रवेश परीक्षा पॉलीटेक्निक ग्राउंड बडू हमीरपुर में होगी। सिपाही सामान्य ड्यूटी और सिपाही क्लर्क/स्टोरकीपर की सामान्य प्रवेश परीक्षा 28 जनवरी को और धर्म गुरु जेसीओ की सामान्य प्रवेश परीक्षा 25 फरवरी 2018 को होगी। उम्मीदवारों की ओर से कुल प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी और उपलब्ध पदों के अनुसार भर्ती होगी।
उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले युवाओं को परामर्श दिया है कि वे दलालों और बिचौलियों से सावधान रहें। यदि कोई दलाल भर्ती करवाने के लिए संपर्क करता है तो उसकी सूचना सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर अथवा मुख्यालय भर्ती जोन, अंबाला में दे सकते हैं।