हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने नए सत्र में पीजी कोर्स की प्रवेश परीक्षाओं पर अब तक कोई फैसला नहीं लिया है। प्रदेशभर के स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं दे रहे हजारों छात्रों को प्रवेश परीक्षा का शेड्यूल जारी होने का इंतजार है। सात अगस्त तक यूजी डिग्री कोर्स बीए, बीएससी, बी कॉम कोर्स की फाइनल की परीक्षाएं समाप्त होंगी। इसके तुरंत बाद ही विश्वविद्यालय को पीजी की प्रवेश परीक्षाएं शुरू करनी हाेंगी।
इस बार छात्र संगठन भी पिछले सत्र की तरह कोरोना का तर्क देकर प्रवेश परीक्षाओं की भारी फीस वसूल कर अंत में यूजी की मेरिट के आधार पर प्रवेश देने के फैसले को मंजूर करने के लिए तैयार नहीं है। दो से तीन बार अलग-अलग कोर्स में प्रवेश के लिए विवि ने अंतिम तिथि बढ़ाई है, जिससे इसके लिए आवेदनकर्ताओं की संख्या भी अधिक रहने की संभावना है।
बारह जुलाई को अधिकतर मेरिट बेस्ड और प्रवेश परीक्षा आधारित पीजी डिग्री कोर्स प्रवेश प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि तय की गई है। स्नातक फाइनल ईयर के परीक्षार्थियों को अब प्रवेश परीक्षाओं के शेड्यूल का बेसब्री से इंतजार रहेगा। विवि ने अभी तक किसी भी कोर्स की प्रवेश परीक्षा की तिथि फाइनल कर सार्वजनिक नहीं की है। प्रोस्पेक्टस में कोरोना के हालातों के मद्देनजर समय आने पर परीक्षा शेड्यूल तय करने की ही बात की है।
विवि को एक से डेढ़ माह में तैयार करना होगा यूजी फाइनल का परिणाम
यूजी फाइनल ईयर की सात अगस्त को समाप्त होने वाली परीक्षाओं के बाद विश्वविद्यालय को स्नातक डिग्री कोर्स की इस कक्षा के परीक्षा परिणाम को भी एक से डेढ़ माह के भीतर जारी करना होगा। ऐसा करने पर ही सितंबर माह में प्रवेश के लिए काउंसलिंग और मेरिट सूची जारी कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।