मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में सत्र 2021 के लिए चल रही काउंसलिंग की प्रक्रिया के बाद अब हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने बीएएमएस (आयुर्वेद) और बीएचएमएस (होम्योपैथी) कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन मांग लिए हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए विवि ने एडमिशन पोर्टल को खोल दिया है। दोनों कोर्स में प्रवेश के लिए पात्र उम्मीदवार 31 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते है।
इस बार इन दोनों कोर्स की काउंसलिंग और कॉलेज आवंटन की प्रक्रिया विश्वविद्यालय ही कर रहा है। जबकि मेडिकल और डेंटल कॉलेजों की काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी करने का कार्य अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी को दिया गया है। बीएएमएस और बीएचएमएस कोर्स में नए बैच की सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने को लेकर परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी की ओर से जारी की गई अधिसूचना के अनुसार पात्र नीट परीक्षा पास छात्र विवि के एडमिशन पोर्टल www.admissions.hpushimla.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पोर्टल का लिंक विवि की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि आवेदन फार्म के साथ छात्र पोर्टल पर उपलब्ध प्रोस्पेक्टस में दी गई शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ें, उसमें दी गई शर्तों को ध्यान में रखते हुए ही आवेदन करें।
सरकारी और निजी आयुर्वेदिक होम्योपैथी कॉलेजों में दिया जाएगा प्रवेश
हिमाचल प्रदेश विवि ही इस बार प्रदेश के आयुर्वेदिक और होम्योपैथी कॉलेजों में बीएएमएस और बीएचएमएस की तय सीटों को भरने के लिए काउंसलिंग और सीट आवंटन की प्रक्रिया पूरी करेगा। इस प्रक्रिया के आधार पर ही विवि राजकीय आयुर्वेदिक स्नातकोत्तर महाविद्यालय पपरोला की बीएएमएस की 75 सीटों पर आवंटन। वहीं निजी शिवा आयुर्वेदिक कॉलेज बिलासपुर की 60, अभिलाषी कॉलेज ऑफ आयुर्वेद की 60 जबकि सोलन होम्योपैथी कॉलेज की 75 सीटों के लिए काउंसलिंग और आवंटन की प्रक्रिया पूरी करेगा।