प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने बीटेक सहित अन्य विषयों में दाखिला लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि 18 सितंबर तक बढ़ाई है। अब पात्र विद्यार्थी बीटेक डायरेक्ट एंड लेटरल एंट्री, बी फार्मेसी लेटरल, बी आर्क, एमबीए (प्रबंधन), एमबीए (टीएंडएचएम), एमसीए, एम फार्मेसी, एमएससी (भौतिक विज्ञान), एमएससी (पर्यावरण विज्ञान), पीजी डिप्लोमा योग विषयों में दाखिला लेने के लिए 18 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ विवि ने ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया का शेड्यूल भी जारी किया है।
इसकी डिटेल तकनीकी विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इन विषयों में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की ऑनलाइन काउंसलिंग 20 सितंबर से शुरू होगी। सिर्फ खेल, रक्षा और पिछड़ा क्षेत्र श्रेणी के तहत दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को दस्तावेज की जांच करवाने के लिए तकनीकी विवि के दड़ूही परिसर में 20 सितंबर को आना होगा। इसके अलावा 20 से 22 सितंबर तक आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को फार्म में अंक या प्रतिशतता को ऑनलाइन संपादन करने का समय दिया जाएगा।
23 से 26 तक पहले चरण की काउंसलिंग के लिए विद्यार्थी अपनी पसंद का शिक्षण संस्थान चयनित कर सकते हैं। 28 सितंबर को मेरिट के आधार पर काउंसलिंग का परिणाम घोषित होगा। कार्यकारी कुलपति अनुपम कुमार ठाकुर ने कहा कि 29 सितंबर से एक अक्तूबर तक विद्यार्थियों को आवंटित शिक्षण संस्थान में रिपोर्ट करनी होगी। पहले चरण की काउंसलिंग के बाद अगर किसी शिक्षण संस्थान में सीटें खाली रहेंगी, तो दूसरे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
बी फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री) की तीसरे चरण की काउंसलिंग का शेड्यूल जारी
प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने बी फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री) सहित अन्य विषयों की तीसरे चरण की काउंसलिंग का शेड्यूल जारी किया है। पहले व दूसरे चरण की काउंसलिंग के बाद जो सीटें खाली रही थीं, उन्हें भरने के लिए तीसरे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। बी फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री), बी फार्मेसी (आयुर्वेद), बीबीए, बीसीए, बीएससी (एचएमसीटी/बीएचएमसीटी) और एमटेक में दाखिला लेने वाले विद्यार्थी तीसरे चरण की काउंसलिंग के लिए डिटेल 15 सितंबर तक अपलोड कर सकते हैं।
विद्यार्थी तकनीकी विवि और संबंधित शिक्षण संस्थान की सीटों का ब्योरा वेबसाइट पर देख सकते हैं। इसके आधार पर विद्यार्थी शिक्षण संस्थान का चयन कर सकते हैं। तीसरे चरण की मेरिट लिस्ट 17 सितंबर को जारी होगी। 18 से 22 सितंबर सायं पांच बजे तक विद्यार्थियों को काउंसलिंग प्रक्रिया में आवंटित शिक्षण संस्थान में रिपोर्ट करना होगा।