हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के माध्यम से नौकरी के लिए आवेदन करने वाले युवाओं के लिए यह खबर राहत भरी है। अब आयोग से भर्ती परीक्षा संबंधित किसी भी जानकारी लेने के लिए बस टोल फ्री नंबर डायल करना होगा और हर अपडेट मिल जाएगा। जी हां, आयोग ने अपना बहुप्रतीक्षित टोल फ्री नंबर जारी कर दिया है।
अब कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नंबर 1800-180-8095 पर फोन कर भर्ती से संबंधित जानकारी हासिल कर सकेगा। यह एक निशुल्क सेवा है, कॉल करने के कोई पैसे नहीं लगेंगे।
प्रत्येक कार्यदिवस पर सुबह दस बजे से सायं पांच बजे तक टोल फ्री नंबर पर कॉल कर जरूरी जानकारी हासिल की जा सकेगी। आयोग ने वर्तमान दूरभाष नंबर 01972-221090 को टोल फ्री नंबर में तबदील किया है।
इससे पहले कर्मचारी चयन आयोग में विभिन्न भर्तियों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को लैंडलाइन नंबर पर ही कॉल करना पड़ता था। दूरभाष नंबर के व्यस्त रहने और संबंधित अधिकारियों को कॉल ट्रांसफर न होने से वांछित जानकारी नहीं मिल पाती थी। इसके चलते अभ्यर्थियों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
जनवरी में किया था एलान
आयोग के चेयरमैन डा. मोहन झारटा ने जनवरी माह में कार्यभार संभालने के बाद टोल फ्री नंबर शुरू करने की घोषणा की थी, जिसे बुधवार को पूरी तरह से चालू कर दिया गया है।
ये सब जानकारियों मिल सकेंगी
आयोग के सचिव डा. जितेंद्र कंवर ने कहा कि आयोग में विभिन्न पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी रोलनंबर, परीक्षा केंद्र, परीक्षा की तारीख व समय, परीक्षा परिणाम और साक्षात्कार इत्यादि जानकारी हासिल कर सकेंगे।