हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने बीटेक (डायरेक्ट एंट्री), बीआर्क, बीएससी (एचएमसीटी/बीएचएमसीटी), एमबीए, एमबीए (पर्यटन), एमसीए, एमटेक और एम-फार्मा में रिक्त सीटों को भरने के लिए स्पॉट काउंसलिंग करने का निर्णय लिया है। तकनीकी विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो. राजेंद्र गुलेरिया ने कहा कि इन विषयों की खाली सीटों के लिए 10 नवंबर को स्पॉट काउंसलिंग होगी, जल्द ही खाली सीटों का ब्योरा तकनीकी विवि की वेबसाइट पर अपडेट किया जाएगा। स्पॉट काउंसलिंग में भाग लेने के लिए पात्र विद्यार्थियों को संबंधित शिक्षण संस्थान में आना होगा। जो अभ्यर्थी पहले ऑनलाइन काउंसलिंग के किसी भी दौर में भाग ले चुके हैं और चयनित या चयनित नहीं थे या किसी भी कारण से शामिल नहीं हुए थे।
उन सभी अभ्यर्थियों को संबंधित संस्थानों में उपरोक्त निर्धारित तिथि और समय के अनुसार अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों, अन्य दस्तावेजों और उनकी प्रतिलिपियों के साथ उपस्थित होना पड़ेगा। इसके अलावा जिन अभ्यर्थियों ने पहले काउंसलिंग के लिए आवेदन नहीं किया था और आवेदन फीस नहीं भरी थी। उन्हें 1550 रुपये फीस भी जमा करवानी होगी। इसके अतिरिक्त अगर किसी अभ्यर्थी को सीट प्राप्त होती है, तो उन्हें विश्वविद्यालय के सभी शुल्क उसी समय देकर सीट पक्की करवानी होगी। स्पॉट काउंसलिंग में भाग लेने से पूर्व सभी अभ्यर्थी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता के लिए हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय प्रवेश विवरण पुस्तिका के अध्याय-2 को पढ़ लें, जो कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। स्पॉट काउंसलिंग में भी सीटों का आवंटन शैक्षणिक योग्यता में अंकों की वरीयता के आधार पर ही होगा।