यहां दयाल प्यारी का रसूख भाजपा पर भारी पड़ गया। इस इलाके में दयाल प्यारी ने एक राउंड में लीड हासिल की जबकि तीन राउंड में दूसरे स्थान पर रहीं। मतदान से पूर्व बन रही दयाल प्यारी के नाम की लहर को काटने के लिए सीएम जयराम ठाकुर ने स्वयं मोर्चा संभाला। राजगढ़ में 15 अक्तूबर की रैली में विभिन्न संगठनों और वर्गों के प्रतिनिधियों से बैठक कर फीडबैक लिया और रणनीति बनाकर डैमेज कंट्रोल किया, जिसका पार्टी को फायदा मिला।
पच्छाद उपचुनाव में भाजपा को 74 मतदान केंद्रों व कांग्रेस को 39 मतदान केंद्रों में बढ़त हासिल हुई। निर्दलीय प्रत्याशी दयाल प्यारी ने भी 16 मतदान केंद्रों में बढ़त लेकर सबको चौंकाया। भाजपा को सबसे अधिक मत नेरी कोटली व बडू शरेरा में क्रमश: 285-285 की मिली। दुरंग 264 व सनौरा में 233 मतों की बढ़त मिली। कांग्रेस को सबसे अधिक 288 की बढ़त मलगन में, 204 की बढ़त घील पबियाना में हासिल हुई। निर्दलीय दयाल प्यारी ने सबसे अधिक जयहर में 156 की बढ़त ली।