हिमाचल प्रदेश में एक संसदीय सीट और तीन विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। अब दो नवंबर को चुनावी नतीजे आएंगे, जबकि आचार संहिता आधिकारिक रूप से पांच नवंबर को हटेगी। चुनावी शोर थमने के बाद शिक्षा समेत अन्य विभागों में लंबित कार्य शुरू हो जाएंगे। इनमें हजारों पदों पर होने वाली शिक्षकों-कर्मचारियों की भर्ती व प्रमोशन के लिए प्रक्रिया शामिल है। प्रदेश शिक्षा विभाग में आठ हजार मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती दिवाली के बाद होगी। हालांकि, इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी रखी गई थी।
आदर्श चुनाव आचार संहिता के चलते शिक्षा विभाग पांच नवंबर के बाद नियुक्तियां देगा। चार हजार पद मुख्यमंत्री की अनुशंसा और शेष चार हजार पद आवेदन आधार पर भरे जाने हैं। पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्कर पॉलिसी 2020 के प्रावधानों के अनुसार उच्च और प्रारंभिक शिक्षा विभागों के तहत शैक्षणिक संस्थानों में बहुउद्देशीय कार्यकर्ताओं के 8000 पद भरे जा रहे हैं। जिस गांव या पंचायत के स्कूल में भर्ती की जानी है, वहां के स्थानीय निवासी को प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके अलावा प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने कला और शारीरिक शिक्षकों के 1690 पदों पर आचार संहिता हटते ही भर्ती शुरू होगी। कला शिक्षकों के 820 और शारीरिक शिक्षकों के 870 पद जिलावार भरे जाने हैं। उच्च शिक्षा निदेशालय के तहत भरे जाने वाले शेष करीब दो हजार पदों को भरने की प्रक्रिया को भी पूरा किया जाएगा। इसी तरह शिक्षा विभाग ने जेबीटी की भर्ती के लिए पदों का बंटवारा कर दिया था, लेकिन आचार संहिता की वजह से काउंसलिंग शुरू नहीं की गई थी।