फतेहपुर में अपने नेता के पक्ष में नारेबाजी करते भाजपा कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के उपलक्ष्य में फतेहपुर के बरोट में भाजपा मंडल के कार्यक्रम में फूट जगजाहिर हो गई। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने मुख्य रूप से शिरकत की। इसमें सतपाल सत्ती, चुनाव प्रभारी विक्रम ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, त्रिलोक कपूर भी पहुंचे थे। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व पूर्व में फतेहपुर के भाजपा प्रत्याशी रहे कृपाल परमार ने स्वागत के बहाने शक्ति प्रदर्शन किया।
पार्टी की अन्य दावेदार रीता ठाकुर ने भी जोरदार शक्ति प्रदर्शन कर ताकत दिखाई। परमार और रीता समर्थकों के बीच जोरदार नारेबाजी के बीच अबकी बार, चक्की पार के नारे भी गूंजे। चक्की पार के नारे फतेहपुर में पहली बार 2017 के विधानसभा चुनाव में कृपाल परमार के खिलाफ उस समय भाजपा के बागी आजाद उम्मीदवार बलदेव ठाकुर के समर्थकों द्वारा लगाए गए थे।
इसके बाद मार्च 2021 में मुख्यमंत्री के फतेहपुर के दौरे के दौरान रातोंरात पूरे फतेहपुर, रैहन, राजा का तालाब के बाजारों में चक्की पार के पोस्टर लग गए थे। नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में भी राकेश पठानिया के समर्थक चुनावों के समय अजय महाजन के विरोध में इसी नारे को लगाते आए हैं। गौरतलब है कि अजय महाजन का निवास स्थान नूरपुर के अलावा पठानकोट में भी है।
सीएम जयराम ठाकुर (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
उपचुनावों के लिए सीएम जयराम ठाकुर ने मोर्चेबंदी शुरू कर दी है। कुल्लू में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ हुई बैठक के बाद सीएम ने मंगलवार को गृह जिला मंडी में छह मोर्चों की बैठक में चुनावी हुंकार भरी।
उन्होंने कहा कि 2022 में भी हिमाचल में भाजपा की सरकार बनेगी और उपचुनाव के लिए हम मैदान में हैं। सरकार संगठन के साथ धरातल पर मजबूती से काम कर रही है। मुख्यमंत्री संवाद कक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने की।
इस दौरान संगठन महामंत्री पवन राणा ने अनेकों संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। बैठक में सीएम जयराम ने महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, युवा मोर्चा, अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्षों और पदाधिकारियों से फीडबैक भी लिया।