शिमला। राजधानी की भट्ठाकुफर फल मंडी के एक आढ़ती से 65 लाख रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र के खरीदार को गिरफ्तार किया है। इसकी पहचान शाहिद शफीक (35) औरंगाबाद निवासी के तौर पर हुई है। मंगलवार को अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेजा है।
आरोपी ने 2019 में फर्जी नाम और फर्म बनाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की जांच के मुुताबिक भट्ठाकुफर फल मंडी के आढ़ती दीपक ने सेब के 11 ट्रक औरंगाबाद मंडी के खरीदार साहिल चौधरी की फर्म चौधरी फल कंपनी के नाम पर भेजे थे। दोनों के बीच 75 लाख रुपये का सौदा हुआ था। इस दौरान खरीदार ने आढ़ती को 10 लाख का भुगतान कर दिया। लेकिन बाकी बचे 65 लाख रुपये देने का आश्वासन देता रहा। दो साल बीतने के बाद भी कोई अदायगी नहीं की। इसके बाद आढ़ती ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। इस बीच पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस फर्म और नाम-पते का लदानी औरंगाबाद की मंडी में रजिस्टर ही नहीं है। सोमवार रात पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शिमला लेकर आए। आरोपी ने रोहड़ू, रामपुर और नारकंडा में भी आढ़तियों के साथ इसी तरह की ठगी की है। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधार पर चलता है करोड़ों का कारोबार
मंडियों में सेब का कारोबार उधार पर चलता है। बागवानों का सेब आढ़ती कमीशन लेकर खरीदारों को बेचते हैं। खरीदार सेब का पैसा आढ़तियों को भेजते हैं और आढ़ती बागवानों को भुगतान करते हैं। लेकिन, कई लदानी आढ़ती के साथ ठगी की वारदातों को अंजाम देते हैं।