हिमाचल पर्यटन निगम ने बुधवार से 16,580 फीट ऊंचे शिंकुला दर्रे के लिए लग्जरी बस सेवा शुरू करने की तैयारी कर ली है। लेकिन, सवारियां नहीं मिल रही हैं। महज छह यात्रियों ने बस को लेकर निगम से संपर्क किया है। यदि यह यात्री कन्फर्म हुए तो सुबह मनाली से शिंकुला के लिए बस सेवा शुरू हो जाएगी। निगम के अनुसार यह बस मनाली से सुबह 7:00 बजे शिंकुला के लिए रवाना होगी और अटल टनल, सिस्सू, केलंग, दारचा, समदो होते हुए दोपहर 12:00 बजे शिंकुला पहुंचेगी।
इस बस का किराया 1,000 रुपये प्रति यात्री होगा। करीब डेढ़ घंटे तक बर्फीली वादियों की सैर करने के बाद यह बस पर्यटकों को वापस मनाली लेकर आएगी। पर्यटन निगम मनाली के सहायक प्रबंधक रामपाल ठाकुर ने बताया कि निगम का ट्रायल सफल रहा है। उन्होंने कहा कि शिंकुला के पास एक-दो जगह सड़क थोड़ी खराब है जिसे बीआरओ दुरुस्त करने में जुटा है।
उन्होंने बताया कि बुधवार से निगम की बस सेवा शुरू करने की योजना है। पर्यटक घटने से सवारियां बेहद कम हैं। शिंकुला जाने के लिए अभी तक सिर्फ छह लोगों ने संपर्क किया है। इनकी बुकिंग कन्फर्म हुई तो बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।