श्रीखंड यात्रा पर गए चार युवाओं में से एक युवक लापता है। साथियों ने अपने दोस्त को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद युवक के मामा निरमंड पहुंचे और पुलिस में मामला दर्ज करवाया।
आनी के डीएसपी बलदेव ठाकुर ने बताया कि सोलन के राहुल और सचिन के साथ चंडीगढ़ के वीरेंद्र सिंह रावत और अभिषेक खरबंदा 30 जून को निरमंड के दशनामी अखाड़ा पहुंचे। यहां से एक जुलाई को चारों युवक श्रीखंड महादेव के दर्शनों के लिए निकले।
तीन जुलाई को श्रीखंड पहुंचे। दर्शन करने के बाद लौटते वक्त सोलन के दोनों युवक थोड़ा तेजी से नीचे उतर गए, जबकि चंडीगढ़ के दोनों युवक और एक अन्य स्थानीय युवक पीछे रह गए। वीरेंद्र स्थानीय युवक के साथ चलता रहा। अभिषेक खरबंदा पीछे रह गया।
दूसरे दोस्त ने सोचा कि अभिषेक अन्य दोस्तों के साथ आगे निकल गया होगा। इसके बाद जब वे आगे जाकर इकट्ठा हुए तो देखा कि अभिषेक नहीं पहुंचा था। उन्होंने अभिषेक की तलाश शुरू की, लेकिन नहीं मिला। उन्होंने उसके परिजनों को सारी बात बताई।
अभिषेक के दोनों मामा राजेंद्र धवन और अरविंद धवन भांजे की खोज में निरमंड पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अभिषेक को खोजने की गुहार लगाई है। डीएसपी बलदेव ठाकुर ने बताया कि प्रशासन की ओर से अभिषेक को खोजने के लिए रेस्क्यू टीम श्रीखंड रवाना कर दी गई है।
भोले के जयकारों के साथ श्रीखंड रवाना हुई छड़ी यात्रा
हिंदुस्तान की सबसे कठिन धार्मिक और ऐतिहासिक यात्राओं में से एक श्रीखंड महादेव यात्रा से पूर्व माता अंबिका की 22वीं छड़ी यात्रा वीरवार को श्रीखंड महादेव के दर्शनों के लिए रवाना हुई। निरमंड दशनामी अखाड़ा में देशभर से सौ साधु संत प्रतिवर्ष की भांति महादेव के दर्शनों के लिए पहुंचे। यहां से पूजा-अर्चना कर माता अंबिका की छड़ी यात्रा के साथ साधु संतों सहित सैकड़ों शिवभक्त महादेव के दर्शनों के लिए रवाना हुए।
इस दौरान अधिकारिक तौर पर तहसीलदार निरमंड नीरजा शर्मा ने झंडी दिखाकर यात्रा का श्रीगणेश किया। माता अंबिका की छड़ी 9 जुलाई पूर्णिमा के दिन महादेव के दर्शन कर 13 जुलाई को वापस लौटेगी। इसके बाद श्रीखंड महादेव ट्रस्ट एवं प्रशासनिक स्तर की यात्रा 15 जुलाई से शुरू होगी। 15 से 25 जुलाई तक यात्रियों का पंजीकरण होगा।
यात्रियों का अंतिम जत्था 28 जुलाई को बेस कैंप पहुंचेगा, जबकि 30 जुलाई के बाद प्रशासन इस धार्मिक यात्रा पर पूर्ण तय रोक लगा देगा। छड़ी यात्रा रवाना होने से पूर्व निरमंड में रामपुर परियोजना के प्रबंधक शैलेंद्र कुमार मुख्यातिथि बतौर शरीक हुए। उन्होंने श्रीखंड महादेव कैलाश यात्रा के लिए भक्तजनों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर दशनामी अखाड़ा के प्रभारी महंत अशोक गिरी, श्रीखंड छड़ी यात्रा समिति निरमंड अध्यक्ष देवराज कश्यप, तहसीलदार नीरजा शर्मा, कुलवंत कश्यप, कारदार पुष्पेंद्र शर्मा, योगानंद शर्मा, बीएमओ डॉ. संजय आनंद, प्रेमराज, कुशलानंद, नीरज शर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।