बजरंगी भाईजान सलमान खान की ट्यूबलाइट और अजय देवगन की दे दे प्यार दे जैसे सुपरस्टार की मनाली में शूटिंग करने से प्रभावित होकर बॉलीवुड के कई नामचीन निर्माता निर्देशक अब फिल्मों की शूटिंग मनाली में करने के लिए बेताब नजर आ रहे हैं। आने वाले दिनों में ऋतिक रोशन, आमिर खान, सलमान खान और शाहरुख खान जैसे कई सुपरस्टार मनाली में शूटिंग करते नजर आएंगे।
बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन निर्माता निदेशक अपनी फिल्मों की शूटिंग मनाली में करने जा रहे हैं। धर्मा प्रोडक्शन के मालिक कर्ण जौहर और यशराज बैनर के कर्ताधर्ता आदित्य चोपड़ा अपने बड़े बजट की फिल्मों के लिए मनाली में शूटिंग स्थल खोज रहे हैं।
अजय देवगन और सलमान खान की फिल्मों के स्थानीय कोआर्डिनेटर रहे अनिल कायस्था ने बताया कि धर्मा प्रोडक्शन और यशराज बैनर वाले अपनी फिल्मों की शूटिंग के लिए उनसे संपर्क किया है। ऋतिक रोशन कृष फिल्म की मनाली में शूटिंग कर चुके हैं।
लिहाजा, अगली फिल्म की शूटिंग के लिए उनका मनाली आना तय माना जा रहा है। मनाली में बॉलीवुड की दर्जनों फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। इनमें दिलीप कुमार की बैराग, अमिताभ की अव तुम्हारे हवाले वतन साथियों, धर्मेंद्र की धर्मवीर, मिथुन की कमांडो, अक्षय कुमार की जॉली एलएलबी, आमिर खान की फना, शशि कूपर की शर्मीली और राजकुमार की मर्यादा जैसी कई फिल्में शामिल हैं। कश्मीर में अशांति के चलते बॉलीवुड मनाली की ओर से रुख कर रहा है।