माकपा नेता टिकेंद्र ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत के खिलाफ एक दिन पहले बयान जारी किया था।
भारतीय जनता युवा मोर्चा राज्यपाल आचार्य देवव्रत के समर्थन में उतर आया है। भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष सुनील ठाकुर ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता एवं उप महापौर शिमला नगर निगम के उस बयान की तीखी आलोचना की है जिसमें उन्होंने राज्यपाल के ऊपर धर्म विशेष की राजनीति करने की बात कही है।
भाजयुमो अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने कहा कि टिकेंद्र पंवर बताएं कि उनका धर्म क्या है? क्या लोगों की जनभावनाओं को भड़काना एवं उन लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करना कम्युनिस्टों की पुरानी आदत है। भाजयुमो अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी के नेता सबसे पहले शिमला की प्रबुद्ध जनता से माफी मांगें।
शिमला आज भयानक बीमारियों का केंद्र बनता जा रहा है। 6 महीने से शिमला शहर पीलिया जैसी भयानक बीमारी से ग्रसित हैं, इसमें कई दर्जनों लोगों ने अपनी जान गंवाई है। अभी गर्मी का सीजन शुरू भी नहीं हुआ है और शिमला शहर में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।
राजधानी में लावारिस कुत्तों और बंदरों का आतंक इतना बढ़ गया है कि छोटे बच्चे, लड़कियां तथा वरिष्ठ नागरिकों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। टिकेंद्र पंवर को बताना चाहिए कि क्या इसके लिए वे जिम्मेदार हैं या नहीं? भाजयुमो अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने कहा कि पूरे देश से शहर में पहुंचने वाले सैकड़ों पर्यटकों को पार्किंग में पूरी तरह से लूटा जा रहा है।
इसका जिम्मेवार कौन है? पार्किंग के नाम पर पर्यटकों से मनमाने ढंग से एक-दो घंटे 100 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक लिए जा रहे हैं। इन मामलों पर टिकेंद्र पंवर का धर्म क्या कहता है? भाजयुमो अध्यक्ष ने कहा कि कम्युनिस्ट शिमला शहर को स्वच्छ पानी पहुंचाने के साथ शहर को स्वच्छ बनाने के लिए अपने धर्म का प्रयोग करें, ताकि शिमला शहरवासियों का भला हो सके। उन्होंने कहा कि जहां तक राज्यपाल की ओर से यज्ञ करने की बात है तो वह भारतीय संस्कृति की पहचान है।