भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज व नगर निकाय चुनावों में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने के मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। भाजपा की अनुशासन समिति ने जिला एवं मंडलों से प्राप्त शिकायतों पर गंभीर विचार-विमर्श करने के बाद इन गतिविधियों को अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अनुशासन समिति की अनुशंसा के आधार पर नगर निगम धर्मशाला और नगर परिषद नाहन से संबंधित कुछ कार्यकर्ताओं के खिलाफ पार्टी संविधान के अनुसार कार्रवाई करते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।