भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश में पांच साल कांग्रेस और पांच साल भाजपा की प्रथा को तोड़ना होगा। तभी प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो सकेगा। डॉ. बिंदल बद्दी में भाजपा की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2022 में दोबारा भाजपा की सरकार लाने के लिए कार्यकर्ता डट जाएं। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में 2030 में पूरी दुनिया भारत के आगे नतमस्तक होगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं को त्याग, तपस्या और बलिदान करना होगा। देश की खोई प्रतिष्ठा वापस दिलाने के लिए देश की गद्दी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का होना जरूरी है। डॉ. राजीव बिंदल ने जिला स्तरीय बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया। डॉ. बिंदल ने कहा कि पुराने कार्यकर्ताओं को भी पार्टी में पूरा सम्मान दिया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, कार्यकर्ता है तो पार्टी है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि गांधी परिवार कांग्रेस की पहली प्राथमिकता है। जयराम ठाकुर सरकार ने लोगों के काम किया तभी चारों लोकसभा की सीटें भारतीय जनता पार्टी ने जीती हैं। बिंदल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को भारत के लिए समर्पण भाव से काम करना होगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सहजल ने कहा कि डॉ. बिंदल का सरकार और संगठन में काफी अनुभव है। उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार प्रदेश में एक समान विकास करवा रही है। इस मौके पर विधायक परमजीत सिंह पम्मी, पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप, महिला आयोग की अध्यक्ष डेजी ठाकुर, पार्टी संगठन मंत्री पवन राणा, बगार्ट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता, जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, दून की पूर्व विधायक विनोद चंदेल, गोविंद राम शर्मा, रतन पाल नगर परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार, गोवंश आयोग के अशोक शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष केएल ठाकुर, खादी बोर्ड के पुरुषोत्तम गुलेरिया जल बोर्ड प्रबंधक के उपाध्यक्ष दर्शन सैनी वन विभाग के निदेशक बलविंदर ठाकुर, भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. श्रीकांत, डीआर चंदेल, पार्षद तरसेम चौधरी इस दौरान मौजूद रहे।