भाजपा प्रवक्ता राजीव बिंदल ने सीएम वीरभद्र सिंह को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में सीएम पद के लिए कोई लड़ाई नहीं है और सीएम कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी से ध्यान भटकाने के लिए ऐसा शिगुफा छोड़ रहे हैं।
सीएम ने मोदी की रैली के बाद कहा था कि भाजपा के भीतर नड्डा और धूमल में सीएम पद के लिए द्वंद चल रहा है। इस पर बिंदल ने सीएम पर पलटवार किया था। बिंदल ने कहा कि भाजपा एक है और सीएम लोहे की दीवार से टकराने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य को बहुत सारी योजनाओं के लिए पैसा दे रही है। लेकिन यह राज्य सरकार ही है कि जानबूझ कर इन्हें लागू नहीं कर रही है। सरकार चाहे तो इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर प्रदेश का विकास कर सकती है।
नाहन में पत्रकारों से बात करते हुए बिंदल ने पीएम मोदी की रैली को सफल बताया और कहा कि पीएम आने वाले समय में भी हिमाचल का ध्यान रखेंगे और यहां के लिए बड़ी घोषणाएं करते रहेंगे।