फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंत्री से मंत्रणा के बाद किराये पर भाजपा का यूटर्न, बैठक में हंगामा

Wed, 30 Jan 2019 08:04 PM IST
ashok chauhan न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन

शहर में नगर निगम की दुकानों का किराया बढ़ाने के फैसले पर भाजपा ने यू टर्न ले लिया है। बुधवार को मासिक बैठक में मेयर समेत भाजपा पार्षदों के सुर बदले-बदले नजर आए। नियमों के खिलाफ जाकर यह सभी अपने ही फैसले को बदलने के लिए प्रशासन पर दबाव बनाने लगे।

विज्ञापन


  आयुक्त पंकज राय की गैर मौजूदगी में ढाई बजे जैसे ही सदन शुरू हुआ लोअर बाजार पार्षद इंद्रजीत सिंह ने किराये का मुद्दा उठा दिया। मेयर कुसुम सदरेट समेत सभी भाजपा पार्षद भी दिसंबर में बढ़ाए किराये को रिव्यू करवाने पर अड़ गए।

कांग्रेसी पार्षदों ने इसका विरोध किया। मेयर ने संयुक्त आयुक्त विकास सूद पर दबाव बनाया कि फैसले के मिनिट्स मंजूर न किए जाएं, इसका रिव्यू हो। लेकिन विकास सूद ने नियम बताते हुए कहा कि छह माह से पहले फैसला नहीं बदला जा सकता।
विज्ञापन


  उधर, कांग्रेसी पार्षद राकेश चौहान, दिवाकर शर्मा, सिमी नंदा और माकपा की शैली शर्मा ने कहा कि पिछली बैठक में खुद भाजपाई पार्षदों ने रेट बढ़ाए थे। अब अचानक इसे टालने की बात कह रहे हैं।

कहा कि ऐसा नहीं चलेगा। मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के कई पार्षद भी आपस में उलझ गए। बाद में फैसला लिया कि इस फैसले के मिनिट्स अगली बैठक में मंजूरी को लाए जाएं।

शहर की खस्ताहाल सड़कें और रास्ते होंगे चकाचक  

 शहर की खस्ताहाल सड़कें और रास्ते जल्द चकाचक होंगे। इस पर 8.12 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। मेयर कुसुम सदरेट की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में हंगामे के बीच कई राहत देने वाले फैसले लिए गए। कुल 79 छोटी-बड़ी सड़कों की टारिंग मार्च से शुरू हो जाएगी। बैठक में ईईएसएल कंपनी से भी समझौता कर लिया है जिसके तहत वार्डों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक किया जाएगा। 

पार्षद दिवाकर शर्मा और शैलेंद्र चौहान ने मर्ज एरिया में भारी भरकम पानी के बिलों का मामला सदन में उठाया। पूछा कि अभी तक व्यावसायिक कनेक्शन घरेलू में क्यों नहीं बदले? आखिर कब तक इसकी नीति बनेगी? कंपनी के अधिकारियों ने जवाब दिया कि कमेटी की रिपोर्ट आते ही इस पर फैसला होगा। शहर में ढाई मंजिला भवनों के नक्शे पास न करने का मामला भी खूब गूंजा।

पार्षद किमी सूद, शैलेंद्र चौहान ने सवाल पूछा कि आखिर नए नक्शे क्यों नहीं लिए जा रहे? लोग परेशान हो रहे हैं। किमी सूद ने कहा कि एनजीटी के फैसले से पहले के नक्शे भी अभी अटके हैं। इन पर क्या काम हो रहा है? निगम वास्तुकार राजीव शर्मा ने भरोसा दिलाया कि एक हफ्ते के भीतर इस पर फैसला लिया जाएगा। सरकार से बात कर रहे हैं।

ढीली होगी जेब, इन चीजों का बढ़ा किराया

मालरोड पर रोटरी क्लब के सामने केनोपी लगाना अब महंगा पड़ेगा। इसका किराया तीन हजार से बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दिया है। पद्मदेव परिसर का किराया पांच हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये किया है। शहर की पार्किंगों से शुल्क के साथ 18 फीसदी जीएसटी वसूलने को भी मंजूरी दी गई। गोबर खाद का रेट एक रुपये से बढ़ाकर तीन रुपये कर दिया गया है। टूटीकंडी पार्किंग को जल्द दस साल के लिए ठेके पर दिया जाएगा। जल्द ही निगम यहां फ्री पार्किंग सुविधा भी खत्म करने जा रहा है।

काउंसलर की जगह अब कार्पोरेटर्स कहलाएंगे पार्षद
शिमला। पार्षदों को अब काउंसलर की बजाय कार्पोरेटर्स कहा जाएगा। पार्षद शैली शर्मा के प्रस्ताव को सदन ने पास कर दिया। पार्षद का कहना था कि दूसरे नगर निगमों में पार्षदों को कार्पोेरेटर्स कहा जाता है। अंतिम मंजूरी के लिए अब यह मामला सरकार को भेजा जाएगा।

कनलोग में मृत बच्चों के लिए कब्रिस्तान
कनलोग में मृत बच्चों को दफनाने के लिए कब्रिस्तान बनाया जाएगा। यहां एक स्टोर भी बनेगा जिसमें खुदाई का सामान रखा जाएगा। अभी तक लोग जंगल में ही बच्चों को दफना रहे हैं जिसे आवारा कुत्ते रिहायशी इलाके में ला रहे हैं।
विज्ञापन

निगम के फैसले जो जनता को देंगे राहत

-18.50 लाख से टका बैंच में बैठने की सुविधा, कच्चीघाटी नाले का होगा चैनलाइजेशन
-टुटू में 14.23 लाख से पक्का होगा रास्ता, टूटीकंडी पार्किंग में बिजली के लिए देंगे 42 लाख रुपये
-टूटीकंडी में 17.81 लाख से कार पार्किंग बनेगी, खलीनी सामुदायिक केंद्र को 12 लाख
-सैप्टिक टैंकों की सफाई के लिए लागू होगी नीति, अन्नपूर्णा योजना का होगा प्रचार
- ज्यादा काम कर रहे चालकों को अतिरिक्त वेतन, टॉलैंड में येलो लाइन पार्किंग के होंगे टेंडर
- सब्जी मंडी शिफ्ट होगा पेयजल कंपनी का दफ्तर, एमसी में बनेगा वीपीएचओ कार्यालय
- तहबाजारियों को बसाने के लिए 15 फरवरी तक करेंगे वेरिफिकेशन
- दोबारा तय होगी कई पार्किंगों की आरक्षित राशि, ठेकेदारों से लेेंगे 18 फीसदी जीएसटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें