भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि तत्कालीन वीरभद्र सरकार के अंतिम वर्ष के कार्यकाल में जिस तरह सरकारी पैसे का दुरुपयोग हुआ, वह किसी से छिपा नहीं हैं। उन्होंने राठौर को याद दिलाते हुए कहा कि 2017 में मंडी में हुई राहुल गांधी की रैली में कांग्रेस ने एचआरटीसी को लाखों का चूना लगाया था।
हिमाचल प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर के बयान पर पलटवार किया है। राठौर का आरोप था कि सरकार चार साल का जश्न मनाने के लिए सरकारी पैसे का दुरुपयोग कर रही है। सरकारी विभागों के माध्यम से भीड़ जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि तत्कालीन वीरभद्र सरकार के अंतिम वर्ष के कार्यकाल में जिस तरह सरकारी पैसे का दुरुपयोग हुआ, वह किसी से छिपा नहीं हैं।
विज्ञापन
उन्होंने राठौर को याद दिलाते हुए कहा कि 2017 में मंडी में हुई राहुल गांधी की रैली में कांग्रेस ने एचआरटीसी को लाखों का चूना लगाया था। तत्कालीन सरकार ने चुनावी रैली को सरकारी बना दिया था। रैली में भीड़ जुटाने के लिए एचआरटीसी बसें बुक की गई थीं, जिस पर 72 लाख का खर्चा आया था। कांग्रेस ने एचआरटीसी को एक रुपया भी नहीं दिया। बाद में पूरी राशि सरकार ने एचआरटीसी के खाते में जमा कर दी।
कांग्रेस अध्यक्ष को बदलने के लिए कांग्रेसी दिल्ली में डटे
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर को अपनी कुर्सी की चिंता सताने लगी है। कहा कि इस वक्त कांग्रेस अध्यक्ष को बदलने के लिए कांग्रेसी ही दिल्ली में डटे हैं। यही वजह है कि राठौर उनकी कुर्सी बचाने और मीडिया में बने रहने के लिए कुछ भी बयानबाजी कर रहे हैं।