हमारी राजनीति जवाबदेह सरकार: नड्डा
नड्डा ने कहा कि देश की राजनीति 11 वर्ष पहले पूरी तरह बदल गई। पहले केंद्र सरकार बनती थी और फिर वह किसी एक वर्ग, परिवार, जाति या मजहब तक सीमित हो जाती थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने देश की राजनीति की दिशा ही बदल दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं को प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि देश का प्रधानसेवक मानते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार रिपोर्ट कार्ड की सरकार है। जो कहा वह किया और जो नहीं कहा वह भी करके दिखाया। इसके विपरीत यूपीए सरकार की राजनीति जातिवाद, तुष्टीकरण और भाई-भतीजावाद पर आधारित थी, जबकि भाजपा की राजनीति जवाबदेही और सुशासन की राजनीति है। नड्डा ने कहा कि भाजपा को छोड़कर देश की अन्य सभी राजनीतिक पार्टियां सत्ता सुख में डूबी हुई हैं और उनमें वैचारिक शून्यता है। भाजपा ने धारा 370 को समाप्त किया, राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया और आज राम मंदिर में ध्वज फहरा रहा है। उन्होंने कहा कि तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त कर भाजपा ने मुस्लिम महिलाओं को न्याय दिलाया, जो कई मुस्लिम देशों में पहले ही समाप्त हो चुकी थी।
केंद्र से जारी पैसों का दुरुपयोग हुआ, बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ: नड्डा
नड्डा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से सवाल किया कि आखिर केंद्र ने आपका काैन सा ख्याल नहीं रखा? नड्डा ने आरोप लगाया कि केंद्र से जारी पैसों का दुरुपयोग हुआ और बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि आपदा राहत के लिए केंद्र सरकार ने 3,789 करोड़ रुपये दिए, स्मार्ट सिटी के लिए 1000 करोड़ से अधिक की राशि दी, वाइब्रेंट विलेज योजना, मेडिकल कॉलेज, एम्स बिलासपुर, बल्क ड्रग पार्क, फोरलेन परियोजनाएं और बद्दी को फार्मा हब के रूप में विकसित किया। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार केंद्र पर झूठे आरोप लगा रही है। नड्डा ने कहा कि केंद्र ने हिमाचल को 2000 करोड़ से अधिक की विशेष सहायता और 1442 करोड़ रुपये का जायका फंड स्वीकृत किया, लेकिन कांग्रेस सरकार ने कई योजनाओं में केवल 50 प्रतिशत राशि ही खर्च की। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार जो धन का उपयोग न कर सके, उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल की ट्रेजरी बार-बार बंद हो रही है, पूरी सरकार एडहॉक व्यवस्था पर चल रही है और मुख्यमंत्री व मंत्रियों के बीच तालमेल नहीं है। कांग्रेस सरकार एक भी ठोस परियोजना बनाकर केंद्र के पास नहीं लाई है। नड्डा ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस सरकार कोई भी प्रोजेक्ट बनाकर लाए, केंद्र सरकार उसे तुरंत स्वीकृत करेगी।
2027 के चुनाव में दो अंकों तक भी नहीं पहुंचेगी कांग्रेस : बिंदल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि बिहार का चुनाव किसी भी दृष्टि से छोटा-मोटा चुनाव नहीं था, बल्कि यह देश की राजनीति की दिशा तय करने वाला एक बड़ा जनादेश रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सशक्त नेतृत्व में बिहार से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। परिणाम साफ दर्शाता है कि देश की जनता कांग्रेस को पूरी तरह नकार चुकी है। दावा किया कि यही स्थिति आगामी 2027 के हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिलेगी, जहां कांग्रेस दो अंकों तक भी नहीं पहुंच पाएगी। भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता ने कांग्रेस की इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प ले लिया है। भाजपा का यह संघर्ष हिमाचल को फिर से विकास, सुशासन और विश्वास के मार्ग पर लाने के लिए है।
आपस में मर मिटकर खत्म हो जाएगी कांग्रेस सरकार : अनुराग
पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कलयुगी कौरव रुपी कांग्रेस सरकार आपस में मर मिटकर खत्म हो जाएगी। कांग्रेस में गुटबाजी और सरकार में लूट खुलकर सामने आ गई है। प्रदेश को रिवर्स गियर में डाल दिया गया है। सरकार का तीन साल का कार्यकाल खाओ पीओ और मौज करो का बनकर रह गया है। हिमाचल पर कर्ज का बोझ एक लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। अब देखना है कि पहले प्रदेश में भाजपा की सरकार बनती है या मुख्यालय भवन। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में अभी तक 95 चुनाव पार्टी हार चुकी है। अगले साल हार का शतक लग जाएगा। बंगाल में सरकार बनाने के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी। विशेष राज्य का दर्जा हो या प्रदेश को चार मेडिकल कॉलेजों की सौगात, यह सब भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीति जनता से खुली लूट की रही है, जिसमें भ्रष्टाचार और अव्यवस्था ही सरकार की पहचान बन गई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता अब कांग्रेस के इस कुशासन को भली-भांति समझ चुकी है और आने वाले समय में प्रदेश में फिर से भाजपा की सुशासन वाली सरकार स्थापित करने का संकल्प ले चुकी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बिहार में ऐतिहासिक और बंपर जीत दर्ज हुई है।
संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनेगा नया भवन : सुरेश
सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि जेपी नड्डा के सशक्त, दूरदर्शी और प्रभावी नेतृत्व में प्रदेश को भव्य भाजपा प्रदेश कार्यालय प्राप्त हुआ है, जो आने वाले दशकों तक संगठनात्मक गतिविधियों का मजबूत केंद्र बनेगा। यह कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि हिमाचल में भाजपा की विचारधारा, संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का प्रतीक है। सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार ने हमेशा हिमाचल प्रदेश का विशेष ध्यान रखा है। चाहे बुनियादी ढांचा हो, स्वास्थ्य सेवाएं हों या विकास से जुड़े अन्य क्षेत्र। केंद्र सरकार ने हिमाचल को हर संभव सहयोग दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा केंद्र से हिमाचल को मिली सहायता पर केवल राजनीति की, जबकि वास्तविकता यह है कि प्रदेश के विकास को गति भाजपा सरकारों ने ही दी।
राज्यपाल से मिले जेपी नड्डा
जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से लोकभवन शिमला में शिष्टाचार भेंट की। यह भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। मुलाकात के दौरान दोनों गणमान्य व्यक्तियों के बीच प्रदेश से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर सामान्य चर्चा हुई। नड्डा ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल का कुशलक्षेम जाना और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। यह भेंट पूरी तरह शिष्टाचार एवं सौजन्य भाव से हुई, जिसमें किसी भी प्रकार का औपचारिक राजनीतिक विमर्श नहीं हुआ।