भाजपा विधायक दल ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया से मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों को उनके समक्ष उठाया।
भाजपा विधायक दल ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया से मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों को उनके समक्ष उठाया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर नियम 67 के तहत नोटिस दिया था, जिसे अस्वीकार किया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने आश्वासन दिया था कि नियम 130 के अंतर्गत चर्चा लाई जाएगी। आज विधानसभा सदन में यह चर्चा लगाई है, लेकिन सबसे अंत में लगाई गई है।
विज्ञापन
अंत में लाने का मतलब यह है कि इस पर विस्तार से चर्चा नहीं हो पाएगी। बहुत से सदस्य बोलना चाहते हैं। यह गंभीर विषय है। कर्मियों को समय पर वेतन नहीं मिल पाया। प्रदेश में इस तरह की स्थिति पहले कभी नहीं हुई। जयराम ने कहा कि भाजपा विधायक दल ने विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर चर्चा के लिए समय और देने की मांग की है। जयराम ने कहा कि सरकार के एक मंत्री की ओर से विधानसभा के अंदर बीते कल बोले गए शब्दों को कार्यवाही से हटाना चाहिए और मंत्री को अपने व्यवहार के लिए माफी मांगनी चाहिए। यह मांग भी विधानसभा अध्यक्ष से की गई है।