भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बैठक के बाद लुहणू मैदान में पीएम मोदी की रैली की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर समेत अन्यों ने मैदान में पहुंचकर हर कोने का निरीक्षण किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दूसरे दिन सोमवार को भी रैली की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने भाजपा की जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता भी की। नड्डा ने कहा कि 5 अक्तूबर को पीएम मोदी की रैली खत्म होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए विधानसभा चुनाव शुरू हो जाएंगे। उन्होंने चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि सभी तैयारियों में जुट जाएं।
विज्ञापन
साथ ही यह भी कहा कि पीएम मोदी के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं को जो भी जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी निष्ठा से निभाएं। लोगों को घरों से आने और घरों तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। सभा स्थल पर भी सभी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए। बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी के स्वागत के लिए हिमाचल पूरी तरह से तैयार है। तैयारियां पूरी कर ली हैं और यह रैली ऐतिहासिक होगी।
लुहणू मैदान में खाली जगह पर टेंट लगाने के निर्देश
नड्डा ने बैठक के बाद लुहणू मैदान में पीएम मोदी की रैली की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर समेत अन्यों ने मैदान में पहुंचकर हर कोने का निरीक्षण किया। इस दौरान नड्डा ने निर्देश दिए कि मैदान में जो जगह खाली है, वहां पर भी टेंट लगाए जाएं ताकि लोगों को धूप या बारिश में बैठने में कोई परेशानी न हो। नड्डा ने कहा कि सम्मान की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दूसरे घर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री बुधवार को हिमाचल को एम्स के रूप में एक बड़ी सौगात देंगे, जो राज्य के लिए सौभाग्य की बात है।