पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि एक कर्नल व एक मेजर समेत पांच सुरक्षा कर्मियों की शहादत से पूरा देश एक बार फिर से दहल गया है। पाकिस्तान आतंकवाद की ओर से भारत से लगातार एक धोखे की छद्म लड़ाई लड़ता आ रहा है। इस लंबी लड़ाई में हजारों सैनिक और जनता शहीद हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आखिर कब तक हम श्रद्धांजलि देते रहेंगे।
श्रद्धांजलि देकर लोग भूल जाते हैं, लेकिन शहीद परिवारों का पूरे का पूरा जीवन सूना हो जाता है। कहा कि पाकिस्तान ने सारे समझौतों को बड़ी बेशर्मी के साथ तोड़ा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी शांति का संदेश लेकर बस में बैठ कर लाहौर गए और बदले में भारत को कारगिल युद्ध मिला। धोखे पर धोखे, भारत कब तक धोखे खाता रहेगा। सर्जिकल स्ट्राइक से भी कोई फर्क नहीं पड़ा।
पाकिस्तान के साथ हुए तीन युद्धों में लगभग नौ हजार सैनिक मरे थे, लेकिन केवल कश्मीर में आतंकवादी घटनाओं में ही 40 हजार सुरक्षा कर्मी और निर्दोष लोग मारे जा चुके हैं। कहा कि पूरी दुनिया करोना से लड़ने में व्यस्त है। पाकिस्तान भुखमरी के कगार पर है। बावजूद इसके हर दिन सीज फायर का उल्लंघन होता है। उन्होंने साफ कहा कि अब तो पाकिस्तान के साथ युुद्ध हो ही जाना चाहिए।