जनता ने धनबल को हराया, जनबल की हुई जीत : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जनता ने धनबल को हराया है और जनबल की जीत हुई है। यह प्रदेश के मतदाताओं के साथ-साथ कांग्रेस के मेहनती कार्यकर्ताओं की जीत है। प्रदेश की जनता ने खरीद-फरोख्त की राजनीति को नकार कर अपना वोट राज्य में राजनीतिक पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए दिया है। उन्होंने कहा कि देहरा में 25 वर्षों के बाद कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई है और नालागढ़ में भी कांग्रेस प्रत्याशी बड़े अंतर से जीते हैं। हिमाचल प्रदेश में अब कोई भी पार्टी आने वाले 50 साल में खरीद-फरोख्त की राजनीति करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएगी और प्रदेश से यह संदेश पूरे देश की राजनीति में जाएगा।
शनिवार को अपने सरकारी आवास ओकओवर में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि 28 फरवरी 2024 को प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर चुनी हुई सरकार को गिराने का षड्यंत्र रचा गया, लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के बाद अब विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या एक बार फिर 40 हो गई है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बार-बार भाजपा की दो सरकारें बनाने की बातें करते थे, लेकिन उनका ऑपरेशन लोटस विफल हो गया है। जनता से सबक मिलने के बावजूद नेता प्रतिपक्ष प्रदेश के लोगों को ठगने और गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन निर्दलीय विधायकों ने यह उपचुनाव प्रदेश की जनता पर थोपे, अगर वह प्रदेश सरकार से नाराज थे तो विधानसभा में भाजपा के साथ बैठकर विपक्ष को अपना समर्थन देते। उन्होंने कहा कि निर्दलीय विधायक सरकार को गिराने के षड्यंत्र के तहत एक माह तक प्रदेश से बाहर रहे और अपना इस्तीफा स्वीकार करवाने के लिए धरने पर बैठे। उनके इसी रवैये के कारण उपचुनाव हुए, लेकिन जनता ने अब उन्हें करारा जवाब दिया है। यह जीत उन सभी के लिए भी एक सबक है, जिन्होंने लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया।
ओकओवर में आतिशबाजी
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सरकारी आवास ओकओवर में आतिशबाजी के साथ देहरा और नालागढ़ में मिली जीत की खुशी मनाई गई। शनिवार सुबह 11 बजे से सबसे पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ओकओवर पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष और मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी व विधायक केवल सिंह पठानिया, मलेंद्र राजन भी पहुंचे। कुछ देर बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा, विधायक हरीश जनारथा, विनोद सुल्तानपुरी, सुदर्शन बबलू सहित कई पार्टी पदाधिकारी पहुंचे। ढोल की थाप पर शिमला नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान की अगुवाई में सैकड़ों समर्थक झूमते हुए पहुंचे।