फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा कोर कमेटी की बैठक में लोकसभा चुनाव का रोडमैप तैयार

Mon, 30 Jul 2018 11:43 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन

भाजपा की कोर कमेटी की राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में हुई बैठक में लोकसभा की चुनावी रणनीति का रोडमैप बना। इसमें यह मंथन हुआ कि संभावित प्रत्याशियों में कौन जिताऊ है और कौन नहीं? किस सांसद के खिलाफ एंटीइनकमबेंसी फैक्टर चल सकता है और किसके खिलाफ नहीं? इस बैठक में भाजपा के राज्य प्रभारी मंगल पांडे ने दो टूक कहा कि भाजपा को इस बार भी चारों सीटों पर हर हाल में विजयी होना है।

विज्ञापन


इसके लिए प्रचार से लेकर टिकट आवंटन के बीच किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं होगा। करीब पांच बजे शुरू हुई कोर कमेटी की इस बैठक में प्रभारी मंगल पांडे ने प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेताओं से पूछा कि मिशन रिपीट के लिए क्या करने की जरूरत है? इस दौरान चारों सांसदों की साढे़ चार साल की कार्यशैली पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस के चारों सीटों पर संभावित प्रत्याशियों पर भी मंत्रणा की गई।

कांग्रेस प्रत्याशियों का सामना करने के लिए भाजपा के मौजूदा सांसद कितना सक्षम हैं? इस पर भी चर्चा होती रही। पांडे ने यह भी नसीहत दी कि भाजपा में किसी भी तरह के भितरघात से बचना होगा। कांग्रेस में जिस तरह की गुटबाजी चल रही है, उससे भाजपा को चारों सीटें जीतने में कोई मुश्किल भी नहीं होनी चाहिए। कांग्रेस के नेताओं को भाजपा में शामिल करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। यह बैठक देर रात तक चलती रही।

विज्ञापन

कोर कमेटी की बैठक में जयराम, धूमल और बिंदल भी शामिल

पांडे की निगरानी में हुई कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल, विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, सांसद वीरेंद्र कश्यप, रामस्वरूप शर्मा, पूर्व विधायक रणधीर शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा और स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार शामिल हुए। 

सवेरे भाजपा के मोर्चों की बैठक में लिया फीडबैक 
भाजपा के प्रदेश कार्यालय दीपकमल शिमला में सवेरे भाजपा के मोर्चों की बैठक हुईं। यह बैठकें भाजयुमो, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, एससी-एसटी मोर्चा, कर्मचारी मोर्चा आदि की हुईं। प्रदेश बीजेपी प्रभारी मंडल पांडेय ने मोर्चों के प्रमुखों से प्रदेश में भाजपा सरकार और संगठन की कार्यशैली पर फीडबैक लिया। 

बैठक में शामिल नहीं हुए नड्डा, शांता और अनुराग 
कोर कमेटी की इस बैठक में केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, सांसद शांता कुमार और अनुराग ठाकुर शामिल नहीं हुए। 

आज दिल्ली लौटेंगे प्रभारी मंगल पांडे, केंद्रीय नेतृत्व को देंगे रिपोर्ट 
मंगल पांडे सोमवार को नई दिल्ली लौटेंगे और वह हिमाचल प्रदेश में मंत्रियों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों, मोर्चा प्रमुखों आदि से लिए गए फीडबैक की रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को देंगे। 

मोदी को प्रधानमंत्री बनाना, चारों सीटें जीतना ही मकसद : जयराम 
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पत्रकारों को कहा कि भाजपा की दो दिन तक चली इन बैठकों का एक ही मकसद नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाना और प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों को जिताना है। देश अनुभव कर रहा है कि नरेंद्र मोदी के लिए पांच साल का वक्त बहुत कम है।  

30-32 बोर्डों, निगमों में अध्यक्षों की नियुक्तियां जल्द 
प्रदेश के 30 से 32 बोर्डों और निगमों में अध्यक्षों और उपाध्यक्षों की नियुक्तियां जल्द होंगी। इस बारे में संगठन की इन बैठकों में तो कोई चर्चा नहीं हुई, मगर दिल्ली जाकर वह इस संबंध में बात कर चुके हैं। इन बैठकों में कौन से कार्यक्रम आने वाले समय में हो सकते हैं। उसका रोडमैप तैयार किया गया है।  

नहीं खत्म हुआ गुलदस्ता कल्चर 
प्रभारी के स्वागत के लिए भाजपा नेताओं का गुलदस्ता कल्चर खत्म नहीं हुआ। रविवार को भी प्रभारी मंगल पांडे के स्वागत के लिए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में गुलदस्ते भेंट करने की होड़ लगी रही।
विज्ञापन

2019 लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा तैयार: राम माधव

कसौली (सोलन)। कसौली में न्यू एज लीडरशिप कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को भाजपा गंभीरता से ले रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि आज सभी राजनीतिक दल पीएम मोदी को रोकने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वे सफल नहीं होंगे।

अगस्त में पार्टी की बैठक होगी, जिसमें सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और प्रधानमंत्री व मंत्रियों के दौरे तय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर वर्ष भाजपा द्वारा कार्यक्रम करवाया जाता है। इस कार्यक्रम में देश के कुछ चुनिंदा लोगों को इसमें आमंत्रित  किया जाता है।

कार्यक्रम के तहत देश के किसी भी अच्छे स्थान पर दो दिन का रिट्रिट होता है और हर वर्ष एक विषय को लेकर चर्चा की जाती है। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडु, सांसद रूपा गांगुली, सांसद व लोकसभा के मुख्य सचेतक अनुराग ठाकुर समेत करीब 100 लोग भाग ले रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें