हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी है। पशुपालन विभाग की ओर से जांच के लिए भेजे गए दो कोवों के सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। इसे लेकर जिला प्रशासन व पशुपालन विभाग हरकत में आ गया है। बर्ड फ्लू के मामले को देखते हुए उपायुक्त कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा ने वन विभाग को वन्य पक्षियों की व्यापक स्तर पर निगरानी रखने को कहा है। मृत पक्षियों का उचित तरीके से निपटारा करने तथा जिस स्थान पर मृत पक्षी पाए जाते हैं, उस जगह को निस्संक्रामक करने के आदेश दिए। पशुपालन विभाग को एहतियात के तौर पर घरेलू मुर्गियों तथा चिकन की दुकानों की निगरानी करने एवं इनके नमूने एकत्रित कर प्रयोगशाला भेजने को कहा है। जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को उचित मात्रा में दवाइयों का प्रबंध करने को कहा है। नगर परिषद कुल्लू, मनाली एवं नगर पंचायत भुंतर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके तहत आने वाली चिकन की दुकानों से मुर्गों के अपशिष्ट को खुले में न फेंककर इसका उचित ढंग से निपटारा किया जाए।