एम्स में दूसरे दिन चार जिलों से पहुंचे मरीज।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के कोठीपुरा में एम्स ओपीडी शुरू होने के दूसरे दिन सोमवार को प्रदेश समेत बाहरी राज्यों से भी लोग उपचार के लिए पहुंचे। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे मरीज पंजीकरण काउंटर पर पहुंचने शुरू हो गए। उसके बाद करीब 9 बजे सभी का पंजीकरण किया गया और सभी संबंधित ओपीडी के बाहर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। सोमवार को हमीरपुर, ऊना, सोलन, बिलासपुर से मरीज विशेषज्ञों के पास स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचे। इनमें जनरल मेडिसिन 42, ऑर्थोपेडिक्स 22, नेत्र ओपीडी में 29, ईएनटी में 15, गायनी में 10, स्किन में 10, सर्जरी में 11, रेडियोलॉजी में 1, बाल विशेषज्ञ ओपीडी में 2, न्यूरोलॉजी में 1, नेफ्रोलॉजी में 1 मरीज ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई।
बताते चलें कि एम्स में अभी आठ में से चार काउंटर शुरू किए गए हैं। इनमें एक पर अप्वाइंटमेंट और बाकी तीन पर पंजीकरण किया जा रहा है। ओपीडी को भी रोटेशन में चलाया गया है। इनमें सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक विभिन्न ओपीडी चलाई जाएंगी। एम्स की लोक संपर्क अधिकारी डॉक्टर रूपाली ने बताया कि पहले दिन एम्स ओपीडी में 104 पुरुषों समेत 144 लोगों का उपचार किया गया। कहा कि पंजीकरण फीस 10 रुपये रखी गई है। जो केवल पुरुषों से ली गई है। महिलाओं का पंजीकरण निशुल्क किया गया। बताया कि मंगलवार को भी सभी ओपीडी चलेंगी। ताकि यहां आने वाले मरीजों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।