नई ब्रॉडकास्टिंग सेवाओं और सोलर हट्स के शुभारंभ पर डीसी व अन्य अधिकारी।
- फोटो : संवाद
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी मंदिर के दर्शन अब श्रद्धालु घर बैठे भी कर सकेंगे। श्रावण अष्टमी मेले से पहले श्री नयना देवी मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डिजिटल और आधुनिक सुविधाओं की शुरुआत की है। उपायुक्त एवं मंदिर न्यास के आयुक्त राहुल कुमार ने मंदिर परिसर में नई ब्रॉडकास्टिंग सेवाओं, यूट्यूब लाइव दर्शन और सोलर हट्स का शुभारंभ किया। मंदिर प्रबंधन के इस कदम से श्रद्धालुओं को होने वाली विभिन्न असुविधाओं से राहत मिलेगी और मंदिर प्रबंधन की ओर से प्रसारित की जाने वाली सूचनाओं की जानकारी भी सीधे श्रद्धालुओं को उपलब्ध रहेगी। उपायुक्त ने माता श्री नयना देवी जी के यूट्यूब लाइव दर्शन का भी शुभारंभ किया। अब श्रद्धालुओं को यूट्यूब के माध्यम से भी माता के दर्शन उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सोलर हट्स का भी शुभारंभ किया।
सोलर हट्स में जहां श्रद्धालुओं को बैठने की सुविधा मिलेगी तो वहीं मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, पंखे इत्यादि की सुविधा भी रहेगी। इसके अतिरिक्त इन सोलर हट्स के माध्यम से श्रद्धालुओं को वर्षा के दौरान आश्रय की सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने बताया कि श्रावण अष्टमी मेलों को देखते हुए ऐसे 8 से 10 सोलर हट्स विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि श्री नयना देवी जी उत्तर भारत का प्रसिद्ध शक्तिपीठ है और प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु विशेषकर श्रावण अष्टमी मेलों के दौरान माता के दर्शनार्थ मंदिर पहुंचते है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से समय-समय पर अनेक कदम उठाए जाते है। इस अवसर पर एसडीएम श्री नयना देवी जी धर्मपाल सहित मंदिर न्यास के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।